शाहजहांपुर। बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवात का जिले में हल्का असर रहा। शुक्रवार देर शाम शुरू हुई बूंदाबांदी रातभर रुक-रुककर होती रही। 12 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके असर से अधिकतम तापमान 4.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 1.9 डिग्री सेल्सियस गिर गया।
गन्ना शोध संस्थान के मौसम वैज्ञानिक डॉ. मनमोहन सिंह ने बताया कि शनिवार को अधिकतम तापमान 27 और न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री सेल्सियस रहा। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 31.6 और न्यूनतम तापमान 22.3 डिग्री था। वायुदाब 20 मिलीबार गिरा हुआ है। उत्तरी हवा चलने से मौसम खुलने की संभावना है। आर्द्रता 79 प्रतिशत रही।
कृषि रक्षा अधिकारी डॉ. संजय यादव ने बताया कि बारिश से खेतों में नमी बनी है। इससे रबी की गेहूं, चना, मटर आदि फसलों की बोआई चार से पांच दिन प्रभावित होगी। गन्ने की फसल को बारिश से फायदा होने की संभावना है।
बारिश से आलू और सरसों की फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका
पुवायां। शुक्रवार रात हुई हल्की बारिश से पुवायां क्षेत्र में सरसों और आलू की फसलों के खेतों में पानी भर गया है। इस कारण आलू और सरसों के जमाव पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका है। पुवायां तहसील क्षेत्र में किसान बड़े पैमाने पर आलू की खेती करते हैं। काफी क्षेत्रफल में आलू की गड़ाई का काम पूरा हो चुका है। कई स्थानों पर आलू की फसल जम चुकी है। किसानों का कहना है कि आलू की फसल लगाने में काफी खर्च आता है। बारिश से आलू का बीज सड़ जाएगा और जमाव नहीं लेगा। इससे नुकसान हो सकता है। उन्होंने प्रशासन से जलभराव वाले खेतों का सर्वे कर नुकसान का आकलन करने और प्रभावित किसानों को मुआवजा देने की मांग की है। संवाद
बारिश से मंडी में भीगा धान
तिलहर। बारिश से मंडी समिति में खुले में रखा कई क्विंटल धान भीग गया। व्यापारियों को नुकसान की आशंका है। शनिवार सुबह मजदूरों ने भीगे धान को सुखाने के लिए जमीन पर फैलाया।
व्यापारी रविंद्र गुप्ता और कमलेश गुप्ता ने बताया कि बोरों में रखा धान भीग गया है। वहीं, राइस मिलों में खुले में पड़ा धान भीगने से भी नुकसान हुआ है। करीब 15 दिन से धान लेकर क्रय केंद्र पर बैठे किसान इमरान ने पन्नी डालकर धान बचाया। मंडी सचिव शिवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि किसानों को मामूली नुकसान हुआ है, जबकि व्यापारियों का कुछ धान बारिश की चपेट में आया है। संवाद
पुवायां में आलू के खेत पर भरा पानी। संवाद- फोटो : ARchive
पुवायां में आलू के खेत पर भरा पानी। संवाद- फोटो : ARchive