पूर्व चेयरमैन और भतीजे के खिलाफ रिपोर्ट
मीरानपुर कटरा (शाहजहांपुर)। नगर पंचायत क्षेत्र में नाला पर अतिक्रमण कर दुकान और गोदाम बनाने और इससे कस्बे में हो रहे जलभराव के मामले में सपा समर्थक पूर्व चेयरमैन और उनके भतीजे के खिलाफ बुधवार रात नगर पंचायत के ईओ की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।
नगर पंचायत के ईओ अवनीश कुमार गंगवार ने थाना पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 17 दिसंबर 2017 को हुई बोर्ड की बैठक में खुदागंज मार्ग स्थित पुलिया संख्या तीन से बैंक ऑफ बड़ौदा के सामने होते हुए इस्लाम नगर नाले का पुनर्निर्माण कराए जाने पर चर्चा हुई थी। इसी नाले से मुख्य बाजार, बाजार रोड, वंगशान व बरेली रोड के नाले की जलनिकासी होती थी। पूर्व में उक्त नाले पर कोई अतिक्रमण नहीं था। लेकिन बाद में पूर्व चेयरमैन सुकेश गुप्ता ने पद एवं प्रभाव का दुरुपयोग करते हुए पारिवारिक सदस्य अभिषेक आंनद पुत्र अनिल कुमार से मोहल्ला बाजार से नाले को ध्वस्त कर अतिक्रमण करा दिया। आरोप है कि उन्होंने नाले की जमीन पर दुकानों व गोदाम का निर्माण करा लिया। पूर्व चेयरमैन सुकेश गुप्ता और अभिषेक ने आपसी सांठगांठ कर जलनिकासी पंपिंग सेट से किए जाने की सहमति कर ली। जिस कारण जनता को भारी असुविधा होती है। ईओ ने बताया कि पूर्व में उन लोगों को नोटिस भी दिए गए, लेकिन उक्त लोगों ने अतिक्रमण हटाने में कोई रुचि नहीं ली। पुलिस ने चाचा भतीजे के खिलाफ प्रिवेंशन ऑफ डैमेज टु पब्लिक प्रॉपर्टी एक्ट 1984 की धारा 3/2 के तहत रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। इस मामले में पूर्व चेयरमैन से बात करने का प्रयास किया गया लेकिन वह घर पर नहीं मिले और उनका मोबाइल स्विच ऑफ है।