24 घंटे बीएसएनएल सेवा ठप, इंटरनेट को तरसे उपभोक्ता
सीतापुर-शाहजहांपुर के बीच कटी ऑप्टिकल फाइबर केबल
एटीएम से नहीं निकले नोट, साइबर कैफे में छाया रहा सन्नाटा
अमर उजाला ब्यूरो
शाहजहांपुर। राष्ट्रीय राजमार्ग-24 पर सीतापुर के पास एक निजी टेलीकॉम कंपनी की लापरवाही से भारत संचार निगम लिमिटेड की भूमिगत ऑप्टिकल फाइबर केबल कट गई। नतीजे मेें करीब 24 घंटे तक बीएसएनएल की इंटरनेट और ब्रॉडबैंड सेवाएं ठप रहीं। इस दौरान हजारों उपभोक्ता व्हॉट्सऐप, फेसबुक आदि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करने को तरस गए। यही नहीं, शहर में जगह-जगह स्थापित विभिन्न बैंकों के एटीएम भी ठप रहे और साइबर कैफेज में सन्नाटा पसरा रहा। खास यह रहा कि विभाग के जिम्मेदार अधिकारी इस दौरान टेलीकॉम नेटवर्क में आई खराबी और उससे जुड़े कारणों से बेपरवाह बने रहे।
बीएसएनएल की इंटरनेट आधारित सेवाएं शुक्रवार को दोपहर तक सामान्य बनी रहीं, लेकिन बाद में अचानक नेट कनेक्टिविटी मिलनी बंद हो गई। मोहर्रम का अवकाश होने के कारण सरकारी कार्यालयों पर टेलीकॉम नेटवर्क की खराबी का कोई असर नहीं पड़ा, लेकिन विभाग की मोबाइल सेवा में खलल पड़ गया। करीब 1.51 लाख प्री पेड और पोस्टपेड उपभोक्ता सोशल मीडिया पर चैटिंग को तरस गए। यही नहीं, बैंक बंद रहने से जो लोग नगदी निकालने के लिए एटीएम पर पहुंचे, उन्हेें भी निराशा हाथ लगी। टीडीएम सौरभ मिश्रा के अवकाश पर होने से उन्हें नेटवर्क फेल होने की वजह पता नहीं चल पाई। मंडलीय अभियंता टेलीकॉम शैलेश कुमार भी इस खराबी से अनभिज्ञ बने रहे।
हालांकि, शनिवार को दोपहर विभाग के नेटवर्किंग ग्रुप पर डाले गए एक मेसेज से स्पष्ट हो सका कि एनएच-24 पर सीतापुर-शाहजहांपुर के बीच एक निजी टेलीकॉम कंपनी द्वारा केबल डालने के लिए जेसीबी से की गई खुदाई के दौरान बीएसएनएल की ओएफसी कटने से नेट सेवाओं में बाधा पड़ी। अधिकारिक सूत्रों के अनुसार पहले भी कई बार निजी टेलीकॉम कंपनी की लापरवाही से बीएसएनएल की केबल कट चुकी है। इस खराबी के कारण ब्रॉडबैंड सेवा के करीब दो हजार कनेक्शन भी शनिवार दोपहर बाद तक ठप रहने से साइबर कैफे का धंधा ठप रहा। साथ ही चिप डाउनलोडिंग और शेयर मार्केट से जुड़े कारोबारी भी खासे परेशान हुए।