भारतीय कृषक दल ने भ्रष्टाचार का पुतला फूंका
गेहूं की तौल नहीं किए जाने पर भड़का गुस्सा, लगाए नारे
आठ दिन से टोकन लिए घूम रहे किसानों के गेहूं की नहीं हो रही तोल
अमर उजाला ब्यूरो
तिलहर।
गेहूं क्रय केंद्रों पर तौल न होने सहित किसानों की समस्याओं को लेकर शुक्रवार को भारतीय कृषक दल के महामंत्री प्रमोद यादव के नेतृत्व में दल के कार्यकर्ताओं ने मंडी समिति गेट पर प्रदर्शन कर भ्रष्टाचार का पुतला फूंक दिया। उन्होंने 2 जून से चीनी मिल गेट पर किसानों की समस्याओं को लेकर आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है।
भाकृद के महामंत्री शुक्रवार दोपहर अपने साथियों व किसानों के साथ मंडी गेट पर पहुंचे। इस दौरान किसानों की समस्याओं को लेकर मंडी गेट पर प्रदर्शन करते उन्होंने भ्रष्टाचार का पुतला दहन कर जमकर नारेबाजी की। इस दौरान भाकियू नेता पुष्पराज सिंह यादव सहित तमाम लोग मौजूद रहे। उधर, मंडी में टोकन ले कर घूम रहे किसानों ने बताया कि वह आठ दिन से मंडी में गेहूं लेकर पड़े हुए हैं लेकिन उनका गेहूं अभी तक नहीं तुला है। आरएफसी केंद्र प्रभारी कई दिनों से केंद्र पर नहीं आए हैं जबकि कुछ लोगों द्वारा केंद्र पर व्यापारियों का गेहूं खरीद कर प्रतिदिन रख दिया जाता है। पीड़ित किसानों ने अधिकारियों से तत्काल गेहूं की तौल कराए जाने की मांग की है।