बीएलओ ड्यूटी को लेकर गरजीं आंगनबाड़ी वर्कर
0 कलक्ट्रेट में धरना-प्रदर्शन कर दिया ज्ञापन
फोटो 06 में।
शाहजहांपुर।
बीएलओ की ड्यूटी के फरमान ने बकाया मानदेय नहीं मिलने के कारण पहले से भन्नाईं आंगनबाड़ी वर्करों के गुस्से की आग में घी डालने जैसा काम कर दिया है। बीएलओ ड्यूटी के विरोध में जिले की विभिन्न तहसीलों से शुक्रवार को मुख्यालय पहुंची आंगनबाड़ी वर्करों ने कलक्ट्रेट में जमकर नारेबाजी की और धरना दिया।
बाद में उनका शिष्टमंडल महिला आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ की जिलाध्यक्ष पद्मा रस्तोगी और जिला प्रभारी विश्वमोहन भारद्वाज के नेतृत्व में सिटी मजिस्ट्रेट अतुल कुमार से मिला और उन्हें प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन दिया। आंगनबाड़ी वर्करों का कहना है कि विभागीय कार्य दायित्व निभाने के साथ प्रधानमंत्री राष्ट्रीय स्वास्थ्य सुरक्षा मिशन के तहत आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों को चिन्हित करने का काम करना पड़ रहा है, जबकि शासनादेश के अनुसार उनसे अन्य विभागों के काम नहीं लिए जाने चाहिए। ज्ञापन में भी शासनादेश का हवाला देते हुए बीएलओ ड्यूटी से मुक्त करने की मांग की गई है। धरना-प्रदर्शन में सपना मिश्रा, शांति कश्यप, नाजिश बेगम, सावित्री देवी, प्रेम कुमारी, कमला यादव आदि शामिल रहीं।