शाहजहांपुर/ मिर्जापुर। मिर्जापुर क्षेत्र में शनिवार सुबह कोलापुल पर ट्रकोें की भिड़ंत हो गई। इसमें तीन लोग घायल हो गए। वहीं कांट-कुर्रिया कलां रोड पर शाम तीन बजे भुड़िया गांव के पास बाइक से टकराकर टेंपो पलट गया। जिसमें छह लोग घायल हो गए। उधर अन्य दुर्घटनाओं में भी तीन लोग जख्मी हुए हैं। गंभीर रूप से घायल एक ट्रक चालक को फर्रुखाबाद जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शाहजहांपुर से धान भरकर एक ट्रक शनिवार सुबह बदायूं की ओर जा रहा था। सुबह लगभग 6:30 बजे जैसे ही ट्रक मिर्जापुर क्षेत्र में कोलापुल पर पहुंचा, तभी ओवरटेक करते समय बदायूं की ओर से गंधक भरकर आ रहे ट्रक से भिड़ गया। आमने-सामने हुई भिड़ंत में हरदोई के थाना पिहानी निवासी ट्रक चालक उपेंद्र कुमार, हेल्पर गांव पिपरिया निवासी रमेश कुमार, दूसरे ट्रक के चालक मुरादाबाद के थाना भोजपुर के गांव पीपर निवासी सरफराज घायल हो गए। मौके पर पहुंची यूपी 100 पुलिस ने सभी को जरियनपुर सीएचसी पहुंचाया। चालक उपेंद्र को गंभीर हालत में फर्रुखाबाद रेफर कर दिया गया। घटना के बाद आधा घंटे तक जाम लगा रहा। इधर, कांट-कुर्रिया कलां रोड पर शनिवार शाम तीन बजे टेंपो ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में बाइक सवार थाना कांट क्षेत्र के गांव टाडा पर्वत निवासी 28 वर्षीय इंद्रपाल और उसका साथी राजीव कुमार व टेंपो पर सवार सरथौली निवासी 65 वर्षीय लौंगश्री व उनकी नौ वर्षीय पोती रूबी सहित चार लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल इंद्रपाल को हायर सेंटर रेफर किया गया है। वहीं दुर्घटनाओं में घायल कांट के गांव झबरा निवासी 21 वर्षीय सरोज,18 वर्षीय कोमल, लिलथरा निवासी 19 वर्षीय अवेंद्र सिंह को घायल अवस्था में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।