अल्हागंज (शाहजहांपुर)। लोकसभा चुनाव का बहिष्कार करने की चेतावनी देने वाले मिघौल के ग्रामीणों से जलालाबाद तहसीलदार इरफान उल्ला खां ने गांव जाकर वहां की भौगोलिक स्थितियों का निरीक्षण किया और सड़क बनवाने संबंधी कार्रवाई को डीएम के पास भेजने का आश्वासन दिया।
ग्रामीणों ने उनको अवगत कराया कि इस ग्राम पंचायत में छोटी ववड़ी मिघौल व ग्राम पंचायत अशरफ पुर के गांव मढ़हा सहित चार गांव हैं इन दोनों ग्राम पंचायतों के लिए सेढ़ा नाला व रामगंगा नदी बाढ़ के समय काल बन जाती है। यहां पहुंचने के लिए केवल नाव का ही सहारा रह जाता है। चिकित्सा, शिक्षा की स्थितियां बड़ी नाजुक हो जाती हैं, साथ ही ग्रामीणों का क्षेत्र का प्रमुख बाजार अल्हागंज से संपर्क टूट जाता है। अभी तक चुने गए जनप्रतिनिधि सड़क निर्माण का आश्वासन ही देते रहे लेकिन सड़क अभी तक नहीं बनी है। इससे परेशान होकर गांव वासियों को रोड नहीं, तो वोट नहीं का ऐलान करना पड़ा। ग्रामीणों ने उनको यह भी बताया कि जनपद हरदोई के गांव कहरई से बड़ी मिघौल की दूरी सात सौ मीटर है, जबकि छोटी मिघौल से मढ़हा 15 सौ मीटर की दूरी है। इस समस्या को प्रधानमंत्री सड़क योजना के तहत 35 किलोमीटर की पक्की रोड बनवा कर समाप्त किया जा सकता है, इसके अलावा अशरफपुर के पास सेंढ़ा नाले के ऊपर पुलिया निर्माण भी होना है, यहां ग्रामीण नाव से ही इसे पार कर अपने गांव जाते हैं। तहसीलदार ने बताया मिघौल गांव पहुंचने के लिए एक किलोमीटर सड़क की आवश्यकता है, जो कि जनपद हरदोई के क्षेत्र गांव कहरई में है, जिसकी वजह से सड़क निर्माण में टेक्निकल समस्या आ रही है, इसके अलावा सेढ़ा नाले के ऊपर पुलिया का निर्माण भी होना आवश्यक है, फिर भी इस समस्या से जिला अधिकारी को अवगत कराया जाएगा और सड़क तथा पुलिया निर्माण कराने की कोशिश की जाएगी। उन्होंने ग्रामीणों से मतदान का बहिष्कार ना करने की अपील भी की।