रोजा(शाहजहांपुर)। एक ट्रक सामने आ रही कार को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित होकर मंगलवार सुबह रोजा में हाईवे किनारे दुकान में घुस गया। इससे तीन दुकान के सामने पड़ी टीन टूट गईं। इस दौरान लोग बाल-बाल बच गए। लोगों ने चालक को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी।
मंगलवार सुबह लगभग सात बजे एक ट्रक सीतापुर से शाहजहांपुर की ओर जा रहा था। जैसे ही ट्रक नेशनल हाईवे पर रोजा अड्डा के पास पहुंचा, तभी सामने से अचानक कार आ गई। कार को बचाने के चक्कर में चालक ने ट्रक का स्टेयरिंग घुमाया तो ट्रक अनियंत्रित होकर पप्पू की किराना की दुकान में घुस गया। इस दौरान सड़क पर मौजूद लोग बाल-बाल बच गए। इसके बाद लोगों ने चालक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई शुरू कर दी। इसी बीच सूचना पाकर पुलिस भी पहुंच गई और पब्लिक से चालक को छुड़वाया। दुकान स्वामी मुआवजा की मांग कर रहे थे, इस पर पुलिस ने हड़काया कि एक तो सड़क तक दुकानें बना ली, और अब मुआवजे की बात कर रहे हो। पुलिस ने दुकानदारों पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की चेतावनी दी, तब व्यापारी शांत हुए। बाद में क्रेन मंगवाकर ट्रक को हटवाया गया।
ट्रक में पीछे से घुसी कार, चालक घायल
रोजा। एनटीआई के सामने सोमवार रात करीब कार पीछे से ट्रक में घुस गई। इसमें कार चालक पीलीभीत निवासी 35 वर्षीय अंकुर पांडेय घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे जिला अस्पताल भिजवाया।