रामगंगा के नाले में एक और युवक की डूबकर मौत
मिर्जापुर। ग्राम पंचायत मझारा बढ़ऊ के मजरा पापरि निवासी मुन्ने खां का 24 वर्षीय पुत्र सलमान शुक्रवार को रामगंगा के उसी सहायक नाले में डूब गया, जिसमें गत सप्ताह कालिकागंज गांव का छात्र रुचित डूब गया था। सलमान का शव शनिवार को चपरा गांव के समीप उतराता मिला।
ग्राम पंचायत मझारा बढ़ऊ के प्रधान मुनीश दीक्षित ने बताया कि शुक्रवार को मजरा पापरि निवासी सलमान किसी कार्य से रामगंगा के नाले के पार ग्राम चपरा गया था। वहां से लौटते समय सलमान नाले के तेज बहाव में बहकर उसी कुंड में चला गया, जिसमें बीती 19 अगस्त को कालिकागंज गांव का 15 वर्षीय छात्र रुचित डूब गया था। तैराकों ने काफी देर तक सलमान को नाले में ढूंढा, लेकिन रात हो जाने के कारण उसका कोई पता नहीं चला। शनिवार सुबह सलमान का शव चपरा गांव के समीप नाले में उतराता मिला। शव नाले से निकालकर घर लाए जाने पर परिवार में कोहराम मच गया। सलमान की मां नीलम, भाई शकील, खुर्शीद, अनवार, बहन सोनी, सितारा व गुड़िया का रो-रोकर बुरा हाल है। ब्यूरो