पॉलिथीन की तलाश में दुकानों पर एसडीएम ने की छापामारी
दुकानों से बरामद हुई 15 किलो पन्नी
अमर उजाला ब्यूरो
पुवायां। एसडीएम के नेतृत्व में सोमवार को नगर में पॉलिथीन की तलाश में कई दुकानों पर छापामारी कर 15 किलो पॉलिथीन बरामद की गई। एसडीएम ने कहा कि पॉलिथीन रखने वाले दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
एसडीएम मोइनुल इस्लाम, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी धर्मवीर सिंह, एसएसआई विनोद यादव, आशुतोष रघुवंशी की टीम ने सोमवार को नगर में दुकानों की चेकिंग शुरू की। इस दौरान कई दुकानों पर पॉलिथीन मिली जिसे जब्त कर लिया गया। पॉलिथीन की तलाश में चेकिंग की जानकारी मिलते ही दुकानदारों में खलबली मच गई और कुछ दुकानदारों ने पॉलिथीन को दुकान से हटा दिया। एसडीएम ने बताया कि चेकिंग में 15 किलो पॉलिथीन बरामद की गई है। नगर पालिका की ओर से तीन दुकानदारों को नोटिस दिया गया है। दुकानदारों को चेतावनी दी गई कि पॉलिथीन मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
खुटार। तहसीलदार वेद सिंह के नेतृत्व में नगर की दुकानों पर पॉलिथीन की तलाश में चेकिंग की गई। तहसीलदार ने कहा कि कोई भी दुकानदार पॉलिथीन न रखे और ग्राहकों को कपड़े का थैला लेकर आने को प्रेरित करे। चेकिंग के दौरान एसओ राहुल सिंह और नगर पंचायत के कर्मचारी भी मौजूद रहे।