पीएम के संभावित दौरे को लेकर प्रशासन ने शुरू की तैयारी
जनसभा के लिए मंच बनाए जाने को लेकर किया स्थलीय निरीक्षण
रोजा मंडी गेट के सामने रेलवे की खाली पड़ी जमीन का लिया जायजा
फोटो-35
अमर उजाला ब्यूरो
शाहजहांपुर/रोजा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 21 जुलाई के संभावित दौरे को लेकर प्रशासन तैयारियों में जुट गया है। जनसभा के लिए मंच बनाए जाने के लिए स्थान चयन को लेकर प्रशासन ने सोमवार को मंडी गेट के सामने खाली पड़ी जमीन का जायजा लिया। यह भी संभावना जताई जा रही है कि वह देहात क्षेत्र में भी जनसभा कर सकते हैं क्योंकि उनका मकसद किसानों को सरकार की योजनाओं से अवगत कराने का है।
डीएम अमृत त्रिपाठी, एसपी डॉ. एस चन्नप्पा के साथ ही प्रशासनिक अधिकारियों का अमला रोजा स्थित मंडी गेट के सामने पड़ी रेलवे की खाली जमीन का मुआयना करने सोमवार शाम 3:45 बजे पहुंचा। यहां अधिकारियों की टीम आधा घंटा से अधिक समय तक रही और स्थलीय निरीक्षण कर देखा कि यहां पर प्रधानमंत्री की जनसभा होने पर किसी तरह की कोई दिक्कत तो नहीं होगी और प्रधानमंत्री की सुरक्षा के लिए यह स्थान कितना उचित रहेगा और उन्हें सुनने के लिए आने भी भीड़ के लिए स्थान कम तो नहीं पड़ेगा। प्रधानमंत्री के 21 जुलाई को जिले में आने की संभावना जताई जा रही है, हालांकि अभी तक प्रशासन को कोई अधिकृत सूचना नहीं मिली है, फिर भी प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दीं हैं। इस दौरान एडीएम सर्वेश कुमार, एसडीएम राजी मिश्रा आदि मौजूद रहे। इधर,एसपी, एएसपी, सीओ सिटी ने भी कानून व्यवस्था व ट्रैफिक प्लान को लेकर अभी से मंथन शुरू कर दिया है, ताकि समय आने पर हर स्थिति से निपटा जा सके।
--------
अभी अधिकृत तौर पर प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की कोई सूचना नहीं मिली है,फिर भी उनके संभावित दौरे को लेकर तैयारियां की जा रहीं हैं, ताकि समय आने पर सारी व्यवस्था दुरुस्त की जा सकें। फिलहाल कार्यक्रम के लिए दो ग्राउंड देखे है इनमें ओसीएफ मैदान और दूसरा रोजा मंडी गेट के सामने। अभी कोई स्थान फाइनल नहीं हुआ है।
अमृत त्रिपाठी, डीएम
----------------------
कार्यक्रम को लेकर पार्टी की कल अहम बैठक होगी
शाहजहांपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संभावित कार्यक्रम को लेकर पार्टी तैयारियों में जुट गई है। पार्टी के जिला महासचिव नवनीत पाठक ने बताया कि 11 जुलाई को होने बाली पार्टी की बैठक में आसपास के जनपदों के अध्यक्ष, विधायक और पार्टी नेताओं के अलावा प्रांतीय संगठन मंत्री सुनील बंसल भाग लेेंगे जिसमें कार्यक्रम को लेकर कई बिंदुओं पर चर्चा होगी।
------------------------