50 से ज्यादा ट्रेनें लेट, 25 घंटे देरी से पहुंची जननायक
रेलगाड़ियां लेट होने से यात्रियों को हो रही भारी परेशानी
अमर उजाला ब्यूरो
शाहजहांपुर।
अप और डाउन लाइन की रेलगाड़ियों का टाइम टेबल एक बार फिर से बिगड़ गया है। 50 से ज्यादा रेलगाड़ियां देरी से चल रही हैं। ऐसे में यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बृहस्पतिवार को अप लाइन की 15211 अमृतसर-जननायक एक्सप्रेस 25 घंटे की देरी से यहां पहुंची। तमाम यात्रियों ने आरक्षण ही रद्द करा दिया। यह ट्रेन बुधवार को दिन में 11 बजे शाहजहांपुर पहुंचनी थी। अप 14673 अमृतसर-शहीद एक्सप्रेस भी करीब 12 घंटे देरी से शाहजहांपुर स्टेशन पहुंची।
शाहजहांपुर स्टेशन पर 100 से ज्यादा पैसेंजर और एक्सप्रेस रेलगाड़ियों का ठहराव है। यहां रोज 10 हजार से ज्यादा टिकट बिकते हैं। ज्यादातर रेलगाड़ियां देरी से चलने की वजह से यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आमतौर पर कोहरे के चलते रेलगाड़ियों का टाइम टेबल बिगड़ता है। कई बार यात्रियों को ट्रेन के बारे में सही जानकारी भी नहीं हो पाती। अप-डाउन लाइन की 50 से ज्यादा रेलगाड़ियां दो से 25 घंटे तक देरी का खामियाजा यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है। रिजर्वेशन कराकर यात्रा करने वाले यात्री ज्यादा परेशान हो रहे हैं। रेलवे के अधिकारियों का कहना है कि ट्रेनों के संचालन की रेक बिगड़ने की वजह से रेलगाड़ियां देरी से चल रही हैं। धीरे-धीरे संचालन पटरी पर आ रहा है।
वर्जन-
कुछ रेलगाड़ियां देरी से चल रही हैं। इसकी प्रमुख वजह ट्रेनों के संचालन की रेक बिगड़ना है। धीरे-धीरे संचालन पटरी पर आ रहा है। डिवीजन-टू-डिवीजन 58 प्रतिशत से ज्यादा रेलगाड़ियां समय पर चल रही हैं। बाकी भी जल्द समय से हो जाएंगी।
- ओमशिव अवस्थी, स्टेशन अधीक्षक