पुवायां (शाहजहांपुर) विभिन्न समस्याओं को लेकर लेखपालों ने मंगलवार को संपूर्ण समाधान दिवस का बहिष्कार कर तहसील परिसर में प्रदर्शन करने के बाद धरना दिया। इसके बाद मुख्यमंत्री को संबोधित पांच सूत्री ज्ञापन एसडीएम को सौंपकर समस्याओं का समाधान कराने की मांग की।
वरिष्ठ लेखपाल धर्मपाल गंगवार की अध्यक्षता में तहसील परिसर में हुए धरना प्रदर्शन में लेखपाल संघ के जिलाध्यक्ष रामकृष्ण यादव ने संबोधित करते हुए कहा कि लेखपालों की समस्याओं पर पांच माह पूर्व विचार करते हुए समाधान कराने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन सरकार की ओर से अभी तक कोई घोषणा नहीं की गई है। तहसील अध्यक्ष उपेंद्र तिवारी ने कहा कि लेखपालों की शैक्षिक अर्हता स्नातक करने, पदनाम राजस्व उपनिरीक्षक करने, एसीपी विसंगति दूर करने, लैपटॉप और स्मार्ट फोन उपलब्ध कराने आदि मांगों पर सहमति होने के बाद भी कोई सुनवाई नहीं होना लेखपालों के हित में नहीं है। इसलिए उन्हें मजबूरी में आंदोलन करना पड़ रहा है। धरना प्रदर्शन करने के बाद सभी लेखपालों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम मोइन उल इस्लाम को सौंपकर समस्याओं का समाधान कराने की मांग की। धरना स्थल पर राजेश वर्मा, रामनरायन मिश्रा, चंद्रशेखर प्रसाद, हंसराम वर्मा, दुर्गा शंकर मिश्रा, गिरीश त्रिवेदी, मोहित सहित तमाम लेखपाल मौजूद रहे। संचालन दिलीप श्रीवास्तव ने किया।