आदेश दरकिनार, संयुक्त अस्पताल में गंदगी का अंबार
शाहजहांपुर।
एक ओर जहां जिले में बुखार और संक्रामक बीमारियों से सिलसिलेवार मौतें हो रही हैं। स्वास्थ्य विभाग के अफसर इसके लिए गंदगी को जिम्मेदार बता रहे हैं। दृूसरी ओर संयुक्त जिला अस्पताल में गंदगी का अंबार लगा है। जगह-जगह जल भराव, पान-गुटखा की पीक, गंदगी के ढेर अस्पताल प्रशासन का मुंह चिढ़ा रहे हैं। अस्पताल में भर्ती सैकड़ों मरीजों के लिए यह गंदगी बीमारी की वजह बन सकती है। परिसर की दीवारों पर यह तो लिखा है कि अस्पताल में धुम्रपान करने वालों पर जुर्माना लगेगा, लेकिन इसका असर नहीं।
संक्रामक रोगों के सीजन को लेकर शासन ने सभी जिलों को पहले से एलर्ट कर रखा है। खुद मुख्यमंत्री सरकारी विभागों में साफ-सफाई को लेकर गंभीर हैं। कई बार इस बारे में सख्त रुख भी अपना चुके हैं। इतना ही नहीं सरकारी दफ्तरों में पान-गुटखा और सिगरेट के इस्तेमाल पर भी मुख्यमंत्री ने रोक लगा दी है। इसके बावजूद अस्पताल प्रशासन के अफसरों की नजर अस्पताल परिसर में फैली गंदगी पर नहीं जाती। यहां ओपीडी से लेकर ट्रामा सेंटर तक दीवारों पर पान-गुटखा की पीक के निशान हैं। अस्पताल के कर्मचारियों को भी पान-गुटका खाने के साथ सिगरेट की कश लगाते हुए देखा जा सकता है। हड्डी वार्ड पुरुष के बाहर रखे आरओ सिस्टम के पास भी साफ-सफाई नहीं है। जबकि इसके सामने ही प्रसूता वार्ड है। इसमें प्रसूताओं को नवजात के साथ रखा जाता है। मुख्य इमरजेंसी के मुख्य गेट के सामने बने शौचालयों की दुर्दशा भी किसी से छिपी नहीं है। यहां गंदा पानी भी भरा हुआ है। दुर्गंध की वजह से लोग आस-पास भी जाना पसंद नहीं करते।
00
स्टाफ नदारद, दवा स्टॉक रजिस्टर में मिलीं गड़बड़ी
सीएमओ ने सीएचसी का औचक निरीक्षण किया
अव्यवस्थाएं मिलने पर नाराजगी, कार्रवाई की चेतावनी
अमर उजाला ब्यूरो
खुदागंज।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का शनिवार को औचक निरीक्षण करने पहुंचे सीएमओ डॉ. आरपी रावत यहां के हालात देखकर दंग रह गए। भारी-भरकम स्टाफ में सिर्फ प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. इरफान और फार्मासिस्ट श्याम देव ही मौजूद थे। नदारद कर्मचारियों के खिलाफ उन्होंने कार्रवाई के निर्देश दिए। प्रभारी चिकित्साधिकारी को चेताया कि ओपीडी और इमरजेंसी सेवाओं में कतई कोताही नहीं होनी चाहिए। सीएमओ ने जब दवा स्टॉक रजिस्टर देखा तो पता लगा कि इसमें तमाम गड़बड़ियां हैं। इस पर उन्होंने फार्मासिस्ट को लताड़ा। उन्होंने गर्भवती महिलाओं को दी जाने वाली मातृत्व योजना के बारे में उन्होंने जानकारी ली। कहा कि इसमें लापरवाही नहीं होनी चाहिए। क्षेत्र के गांव भुंडी में एएनएम की लापरवाही से बच्चे की मौत मामले में भी सीएमओ ने जांच की। सीएमओ ने कहा कि सभी गांवों में एएनएम सेंटरों में भी टीकाकरण किया जाए।
00
सीएमओ को अब आई झोलाछाप की याद
खुदागंज। पीएचसी का निरीक्षण करने पहुंचे सीएमओ को आखिर क्षेत्र में लोगों के जीवन से खिलवाड़ कर रहे झोलाछाप की भी याद आ गई। उन्होंने प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. इरफान से कहा कि वह क्षेत्र में क्लीनिक चला रहे झोलाछापों की सूची तीन दिन के भीतर उनको मुहैया करा दें। ऐसे लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।
0000
मनोरथपुर डिप्टी सीएमओ के साथ पहुंचा भाजपा प्रतिनिधि मंडल
केंद्रीय राज्यमंत्री के संज्ञान पर स्वास्थ्य विभाग को आई गांव की याद
जांच के दौरान बुखार पीड़ित आधा दर्जन से ज्यादा मरीज मिले
फोटो-32
जलालाबाद। क्षेत्र के गांव मनोरथपुर सहसोबारी की आखिरकार शनिवार को स्वास्थ्य विभाग को याद आ ही गई। केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णा राज ने गांव में हो रही मौतों का संज्ञान लेकर इस संबंध में विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए। शनिवार को भाजपा प्रतिनिधि मंडल के साथ डिप्टी सीएमओ डॉक्टरों की टीम के साथ गांव पहुंचे। हेल्थ कैंप लगाकर ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच की गई। गांव में करीब एक दर्जन बुखार पीड़ित मरीज मिले हैं।
मनोरथपुर सहसोबारी गांव में बुखार और संक्रामक बीमारियों से सिलसिलेवार मौतें हो रही हैं। गांव में अब तक 15 जाने जा चुकी हैं। इसको केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णा राज ने गंभीरता से लिया। शनिवार को भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष सत्यभान सिंह भदौरिया के नेतृत्व में एक प्रतिनिधि मंडल गांव पहुंचा। गांव के लोगों से बात की और हालात का जायजा लिया। डिप्टी सीएमओ डॉ. लक्ष्मण, डॉ. एलबी वर्मा के नेतृत्व में एक टीम भी गांव पहुंची। गांव में स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान नंद किशोर का छह वर्षीय बेटा सुमित, भूपराम की नौ वर्षीय बेटी रचना, ओमप्रकाश की आठ माह की बेटी गायत्री, राधे का छह साल का बेटा बबलू बुखार से पीड़ित मिले। इनको दवाओं का वितरण किया गया। ग्रामीणों ने भाजपा प्रतिनिधि मंडल को सफाई कर्मचारी न होने की बात बताई। सत्यभान सिंह भदौरिया ने गांव में अतिरिक्त सफाई कर्मचारी लगाकर सफाई कराने की बात कही। इस मौके पर नीरज पाठक, बाबूराम गुप्ता, कृष्ण कुमार मंगलम, योगेंद्र सिंह, प्रिंस गुप्ता, कमलेश वर्मा, आंशू गुप्ता आदि रहे।
000
कल मनोरथपुर पहुंचेंगी केंद्रीय मंत्री कृष्णा राज
शाहजहांपुर। जलालाबाद क्षेत्र के गांव मनोरथपुर में हो रहीं सिलसिलेवार मौतों को लेकर केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णा राज गंभीर हैं। भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष सत्यभान सिंह भदौरिया ने बताया कि सोमवार को केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णा राज मनोरथपुर गांव पहुंच कर ग्रामीणों से बात करेंगी। गांव के निरीक्षण के वक्त अगर कहीं पर किसी विभाग की लापरवाही मिलती है तो कार्रवाई की जाएगी।