तिलहर (शाहजहांपुर)। निजाम गंज घनी बस्ती के मध्य व धार्मिक स्थल के समीप स्थित शराब भट्टी को हटाने की मांग को लेकर महिलाएं धरने पर बैठ गई। अफसरों से वार्ता के बाद धरना समाप्त कर दिया गया।
एकलव्य छात्र शक्ति सेवा समिति के प्रदेश अध्यक्ष आनंद यादव के अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन किए जाने की घोषणा को प्रशासन ने गंभीरता से लेते हुए तत्काल आनंद यादव को जिला मुख्यालय तलब किया। इसके बाद मोहल्ले की महिलाएं आंदोलन की कमान संभालते हुए धरने पर बैठ गई।
इधर, जिला मुख्यालय पर एडीएम प्रशासन पुलिस अधीक्षक और आबकारी विभाग के अधिकारियों के बीच हुई वार्ता में प्रशासन ने शराब भट्टी को हटाने के विकल्प तैयार करने के लिए कुछ समय की मांग की गई, जिस पर सहमति हो जाने के बाद तिलहर पहुंचे छात्र नेता आनंद यादव के साथ आए एसडीएम मोइन उल इस्लाम, पुलिस क्षेत्राधिकारी मनोज कुमार यादव और कोतवाल मनोज कुमार ने धरने पर बैठी महिलाओं को जूस पिलाकर धरना समाप्त कराया गया।
इस मौके पर एसडीएम ने कहा कि प्रशासन शराब भट्टी हटाने की मांग को गंभीरता से लिया है। इसके लिए विकल्प तैयार किए जा रहे हैं। उसमें कुछ समय लगेगा। सीओ ने कहा कि उच्चाधिकारियों से आनंद यादव की वार्ता हो चुकी है। शराब भट्टी को अन्यत्र हटाने पर विचार चल रहा है। इसमें सभी का सहयोग जरूरी है। वार्ता के बाद धरने पर बैठी श्रीदेवी, मायादेवी, रामबेटी, शशि यादव, नीलम देवी को एसडीएमए सीओ व छात्र नेता आनंद यादव ने जूस पिलाकर अनशन समाप्त कराया। धरना प्रदर्शन में प्रमुख रूप से राम कांति, अनीता सक्सेना, लक्ष्मी गुप्ता, सभासद अरविंद यादव, रामकुमार मिश्रा, विपिन कुमार, मोनू यादव, कौशल कुमार गुप्ता,रामचंद्र ,चंद्रप्रकाश, जितेंद्र सिंह, कुलदीप गुप्ता, राजकुमार यादव विपिन आदि मौजूद रहे।