त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के पहले चरण में कराए गए नामांकन की जांच का काम प्रशासन ने पूरा कर लिया। दूसरे चरण में बृहस्पतिवार से मदनापुर, ददरौल, कांठ और भावलखेड़ा ब्लॉक के जिला पंचायत और क्षेत्र पंचायत समिति सदस्यों के नामांकन का कार्य शुरू हुआ। पहले दिन कलेक्ट्रेट में जिला पंचायत के 14 वार्डों के लिए 111 प्रत्याशियों ने पर्चे दाखिल किए। उधर, चारों विकास खंडों में बीडीसी की 346 सीटों के लिए 868 दावेदारों ने नामांकन कराया।
राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश पर कलेक्ट्रेट और ब्लॉक मुख्यालयों पर नामांकन पत्र जमा करने का काम सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक चला। पहले चरण के लिए हुए नामांकन को मिलाकर अब तक जिला पंचायत के 27 वार्डों के लिए 371 और बीडीसी की 660 सीटों के लिए 2575 नामांकन हो चुके हैं। इन सीटों पर प्रत्याशियों की संख्या में बढ़ोत्तरी होना तय है। द्वितीय चरण में तीन अक्तूबर को भी प्रत्याशियों के नाम निर्देशन पत्र लिए जाएंगे।
जिला पंचायत में वार्ड बार हुए नामांकन
स्थान वार्ड नामांकन
0 जलालाबाद 35 01
0 मदनापुर प्रथम 36 09
0 मदनापुर द्वितीय 37 11
0 कांट प्रथम 38 12
0 कांट द्वितीय 39 06
0 कांट तृतीय 40 05
0 ददरौल प्रथम 41 05
0 ददरौल द्वितीय 42 12
0 ददरौल तृतीय 43 01
0 भावलखेड़ा प्रथम 44 10
0 भावलखेड़ा द्वितीय 45 09
0 भावलखेड़ा तृतीय 46 07
0 भावलखेड़ा चतुर्थ 47 12
0 भावलखेड़ा पंचम 48 11
जिला पंचायत के सात पर्चे जांच में निरस्त
निर्वाचन अधिकारी पंचायत का दायित्व संभाले एडीएम वित्त एवं राजस्व पीके श्रीवास्तव ने बताया कि जिला पंचायत वार्डों के लिए पहले चरण में दाखिल नामांकन पत्रों की जांच के बाद विभिन्न कारणों से रामश्री, प्रेमलता, सरोज, रामलड़ैते, अनुराग सिंह, श्रीकृष्ण और ममता देवी के नामांकन पत्र निरस्त कर दिए गए। अधिकारिक सूत्रों के अनुसार कई उम्मीदवारों ने वर्तमान में बीडीसी सदस्य पद होने के बावजूद त्यागपत्र दिए बगैर नामांकन प्रपत्र दाखिल कर दिए थे।
इनके नामांकन पर रही सबकी नजर
प्रदेश के राज्यमंत्री राममूर्ति सिंह वर्मा की पुत्रवधू एवं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अर्चना वर्मा का ददरौल तृतीय वार्ड से नामांकन कराने के लिए तमाम समर्थकों के साथ कलक्ट्रेट पहुंचे। सपा जिलाध्यक्ष तनवीर खां ने अपने बहनोई अनवर सईद का ददरौल प्रथम से नामांकन पत्र जमा कराया। रोजा नगर पंचायत के चेयरमैन अजय गुप्ता वार्ड पांच की प्रत्याशी रूमा देवी को लेकर कलक्ट्रेट पहुंचे। शिक्षक विधायक संजय मिश्रा ने भावलखेड़ा प्रथम वार्ड से अपनी बहन रेनू मिश्रा का नामांकन कराया। बसपा समर्थित पूर्व जिला पंचायत सदस्य स्व. जयद्रथ सिंह की पत्नी शांति देवी, ऊषा, भाजपा समर्थित सोमवती और सुनीता देवी ने पर्चे दाखिल किए।
बीडीसी के सर्वाधिक पर्चे भावलखेड़ा में दाखिल हुए
दूसरे चरण के नामांकन के पहले दिन भावलखेड़ा ब्लॉक में बीडीसी के सर्वाधिक 357 नामांकन पत्र जमा किए गए। इसी तरह ददरौल ब्लॉक में 234, मदनापुर में 164 और कांट ब्लॉक में 113 नामांकन पत्र दाखिल किए गए।