तिलहर। लॉक डाउन के बावजूद भी बाहर के अन्य शहरों से पलायन करके आने वाले मजदूरों का आना लगातार जारी है। सोमवार को पानीपत, रेवाड़ी और महोबा से 11 लोगों के यहां पहुंचने पर सीएचसी पर उनकी थर्मल स्क्रीनिंग की गई। जांच में सभी ठीक पाए गए हैं। सभी को उनके घरों पर ही क्वारंटीन कर दिया गया है।
सोमवार को सीएचसी पर पानीपत ,रेवाड़ी और महोबा से आए 11 मजदूरों की तिलहर सीएचसी पर थर्मल स्क्रीनिंग से जांच की गई। सीएचसी प्रभारी डॉ कमरुज्जमा ने बताया कि जांच में सभी लोग ठीक पाए गए हैं और उन्हें घर पर ही क्वारंटीन कर दिया गया है। यह सभी लोग मजदूर किस्म के लोग हैं और तिलहर तहसील के लगभग आधा दर्जन अलग-अलग गांवों में रहते हैं। किसी न किसी से लिफ्ट लेकर यह लोग सोमवार को तिलहर सीएससी पहुंचे हैं।
डॉ. कमरुज्जमा ने बताया कि महाराष्ट्र के नासिक से आए तिलहर के युवक की जांच नेगेटिव पाई गयी है। बताया कि जैतीपुर के एक गांव में दिल्ली से लगभग एक दर्जन सवारियां लेकर आया ड्राइवर लापता हो गया था जिसका पता लगाकर उसे जैतीपुर अस्पताल में थर्मल स्क्रीनिंग की गई, जिसमें वह ठीक पाया गया है और उसे घर पर ही क्वारंटीन कर दिया गया है। उसके साथ आई सवारियों का पता लगाया जा रहा है, मिलने पर सभी की जांच की जाएगी।