प्रशिक्षु शिक्षकों के धरना-प्रदर्शन करने के बाद आखिर 11 ब्लाकों के 1742 प्रशिक्षुओं का मानदेय भेज दिया गया। वहीं, बंडा, कांट, निगोही और कलान के प्रशिक्षुओं का मानदेय नहीं भेजा सका।
मंगलवार को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय में प्रशिक्षु शिक्षकों ने मानदेय दिलाए जाने की मांग को लेकर हंगामा किया था। उस दिन वित्त एवं लेखाधिकारी संतोष कुमार के मौजूद नहीं होने पर खंड शिक्षा अधिकारी (मुख्यालय) ने तीन दिनों के अंदर मानदेय दिलाए जाने का आश्वासन दिया था। इस पर अमल करते हुए मानदेय भेजे जाने की प्रक्रिया में तेजी से काम किया जा रहा है।
इस संबंध में वित्त एवं लेखाधिकारी ने कहा कि 2381 प्रशिक्षु शिक्षकों का मानदेय भेजे जाने के लिए प्रपत्र उन्हें प्राप्त हुए हैं। इसमें भावलखेड़ा, मिर्जापुर, जलालाबाद, कटरा, मदनापुर, सिंधौली, पुवायां, खुटार और जैतीपुर के प्रशिक्षुओं का मानदेय पहले ही भेजा जा चुका है। ददरौल और कांट का मानदेय बृहस्पतिवार को भेजा गया, जबकि कलान, कांट और निगोही के प्रशिक्षुओं का मानदेय भेजने की तैयारी चल रही है। कहा कि अभी तक बंडा ब्लाक के प्रपत्र नहीं प्राप्त हो सकें, जिससे मानदेय भेजा जा सका।