कांट क्षेत्र के मुड़िगवां गांव में बरामद किए पनीर को किया गया नष्ट। स्रोत: सूचना विभाग
शाहजहांपुर। दीपावली के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि विभाग की टीम ने बृहस्पतिवार को अभियान चलाकर खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। दूषित 27 किग्रा पनीर और 105 किग्रा छेना नष्ट कराया। संग्रहित नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए गए हैं।
सहायक आयुक्त खाद्य चंद्रशेखर मिश्र के नेतृत्व में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी बागीश मणि त्रिपाठी ने टीम के साथ कांट क्षेत्र के गांव मुडिगवां में निर्माण इकाई पर छापा मारा। यहां मिश्रित दूध और पनीर का एक-एक नमूना लिया। खराब स्थिति में पाए गए 15 किग्रा पनीर को नष्ट कराया गया। खुटार क्षेत्र से खाद्य सुरक्षा अधिकारी मानवेंद्र कुमार ने कारोबारी अनीस कुरैशी के प्रतिष्ठान से पनीर का एक नमूना संग्रहित किया और दूषित 12 किग्रा पनीर को नष्ट कराया। सहायक आयुक्त खाद्य चंद्रशेखर मिश्र ने कहा कि लगातार अभियान जारी रहेगा।
मिल्क पाउडर से बनता मिला छेना
जलालाबाद। एसडीएम प्रभात राय के साथ खाद्य सुरक्षा अधिकारी अजीत सिंह ने बृहस्पतिवार को याकूबपुर गांव में संचालित छेना बनाने वाली फैक्टरी पर छापा मारा। यहां छेना, दूध की बजाय अरारोट, बेकिंग व मिल्क पाउडर से बनाकर चाशनी मे डालकर तैयार किया जा रहा था। टीम ने पूछताछ के बाद तैयार छेने का नमूना लिया। कई दिनों के रखे 105 किग्रा छेने को नष्ट करवा दिया। गांव याकूबपुर में यह फैक्टरी मध्य प्रदेश प्रांत के भिंड का रहने वाला एक व्यक्ति किराये पर जगह लेकर चला रहा था। फैक्टरी में बनने वाले छेने टिन के पीपों में पैक कर दुकानों पर थोक में सप्लाई किए जाते हैं। फैक्टरी में बेकिंग व मिल्क पाउडर के अलावा अरारोट को मिक्सर में मिलाने के बाद तैयार माल को दूसरी मशीन में डाल दिया जाता है। मशीन एक साइज के छेने बनाकर निकालती है। अजीत सिंह ने बताया कि छेने के नमूने लिए गए हैं जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भिजवाया जाएगा। संवाद