हेलीपैड तैयार, मंच तक सड़क बनाने का काम तेज
खुदागंज(शाहजहांपुर)। डीएम अमृत त्रिपाठी ने बुधवार को सीडीओ प्रेरणा शर्मा, एसपी डॉ.एस चन्नप्पा समेत अफसरों के साथ नवादा दरोबस्त गांव पहुंच कर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सभा की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने सभा स्थल, हेलीपैड देखा। लोनिवि को मजबूत बेरीकेडिंग करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का 30 दिसंबर को खुदागंज के गांव नवादा दरोबस्त का दौरा प्रस्तावित है। शहीद रोशन सिंह के पैतृक गांव नवादा दरोबस्त में मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर दिन-रात तैयारियां चल रही हैं। मुख्यमंत्री यहां विकास से जुड़ी हुई घोषणाएं करेंगे। मुख्यमंत्री के दौरे से पहले अधिकारी सभी तैयारियों को दुरुस्त कर लेना चाहते हैं। डीएम अमृत त्रिपाठी ने सभा स्थल का निरीक्षण करने के बाद लोनिवि को सभा स्थल के बाहर अस्थायी शौचालय बनवाने के भी निर्देश दिए। वाहन पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था करने को कहा, चेताया कि किसी तरह की कमी नहीं रहनी चाहिए। हेलीपैड पर पर्याप्त पानी का छिड़काव कराने को कहा। डीएम ने गर्रा नदी के उस स्थान को भी देखा जहां मुख्यमंत्री को गर्रा पर पुल का शिलान्यास करना है। शहीद रोशन सिंह के घर भी गए और उनका जन्म स्थान भी देखा। इस दौरान एसडीएम तिलहर, मुईनुल इस्लाम, सीओ मंगल सिंह रावत आदि भी रहे।
चमकाया जा रहा नवादा दरोबस्त गांव
-मुख्यमंत्री के आने से पहले शहीद रोशन सिंह के पैतृक गांव नवादा दरोबस्त को चमकाया जा रहा है। गांव में ज्यादातर सड़कों को बनाने और मरम्मत का काम लगभग पूरा हो चुका है। प्राइमरी स्कूल, शहीद पार्क का भी रंग-रोगन किया गया है। पंचायती राज विभाग के सफाई कर्मचारियों की टीमें को गांव में लगा दिया गया है। अधिकारी लगातार गांव में कैंप कर रहे हैं। इतना ही नहीं ग्रामीणों की लंबित शिकायतों का निस्तारण भी प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है।