रोजा यार्ड में मेन लाइन पर दो घंटे का ब्लॉक, ट्रेनें प्रभावित
सियालदह, राज्यरानी, त्रिवेणी एक्सप्रेस रास्ते में रोकनी पड़ीं
ईद से एक दिन पहले ब्लॉक से रेल यात्रियों को हुई परेशानी
अमर उजाला ब्यूरो
रोजा। ईद से एक दिन पहले मंगलवार को रोजा यार्ड में मेन लाइन पर स्लीपर बदलने के लिए दो घंटे का मेगा ब्लॉक लिया गया। इस दौरान अप लाइन की ट्रेनों पर सीधा असर हुआ। यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। शाम को करीब पांच बजे ट्रैक क्लियर होने के बाद ट्रेनों का संचालन सामान्य हो सका। हालांकि इसके बाद भी एहतियात के तौर पर मेन लाइन से ट्रेनों को काशन के साथ पास किया गया।
रोजा यार्ड में ट्रैक मरम्मत और स्लीपर बदलने का काम चल रहा है। इसके लिए सोमवार को भी ब्लॉक लिया गया था। मंगलवार को यार्ड में मेन लाइन के स्लीपर बदलने के लिए दोपहर 2:45 से 4:45 बजे तक फिर से ब्लॉक लिया गया। ईद को लेकर रेल गाडिय़ों में काफी भीड़ चल रही है। ब्लॉक की वजह से अप-13151 सियालदह एक्सप्रेस, अप-14369 त्रिवेणी एक्सप्रेस और अप-22453 राज्यरानी एक्सप्रेस को रास्ते में रोकना पड़ा। इसके चलते यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। शाम पांच बजे के बाद ट्रेनों का संचालन सामान्य हो सका। इधर, रामापुर रेल क्रॉसिंग पर भी मंगलवार को मरम्मत का काम चला। यहां स्लीपर बदलने का काम पूरा कर लिया गया है। मरम्मत के चलते इस क्रॉसिंग को पांच दिन के लिए वाहनों के आवागमन को बंद किया गया था। बुधवार से क्रॉसिंग पर वाहनों का संचालन शुरू हो जाएगा। सीनियर सेक्शन इंजीनियर रेल पथ अरुण कुमार सक्सेना ने बताया कि ज्यादातर काम मेगा ब्लॉक के दौरान पूरा कर लिया गया है।
रेल ट्रैक पर मिला शव, 50 मिनट प्रभावित रहा संचालन
त्रिवेणी रोकी, शाहजहांपुर स्टेशन पर खड़ी रहीं तीन मालगाड़ी
अमर उजाला ब्यूरो
शाहजहांपुर। गर्रा पुल के पास रेल ट्रैक पर युवक का शव मिलने के बाद करीब 50 मिनट तक रेल गाड़ियों का संचालन प्रभावित रहा। सिविल पुलिस ने शव उठाया इसके बाद ट्रैक क्लियर हो सका। इस दौरान दो मालगाड़ियां शाहजहांपुर स्टेशन पर खड़ी रहीं। त्रिवेणी एक्सप्रेस को भी रोकना पड़ा।
गर्रा पुल के गेट नंबर 325 के पास मंगलवार दोपहर करीब 1:40 बजे रेल ट्रैक के बीचोबीच युवक का शव पड़ा होने की सूचना जीआरपी को मिली। यह इलाका सिविल पुलिस के अंतर्गत आता है। सूचना के बाद सदर बाजार कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। करीब 2:30 बजे शव को यहां से हटाकर पोस्टमार्टम को भेजा गया। मृतक की शिनाख्त मोहल्ला सिंजई निवासी 30 वर्षीय अरुण गौरव के रूप में हुई है। लाइन से शव हटने के बाद रेलगाडिय़ों का संचालन शुरू हो सका। स्टेशन अधीक्षक ओमशिव अवस्थी ने बताया कि करीब 50 मिनट रेल ट्रैक प्रभावित रहा।