फोटो-26,शाहजहांपुर में पोस्टमार्टम हाउस पर गुमसुम बैठे मृतक रईस खां के पिता अल्ली खां
फोटो-27,मदनापुर में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर मृतक रईस खां के शव का पंचनामा भरती पुलिस
सड़क हादसों में वृद्धा सहित दो की मौत
मदनापुर में हुए हादसे में तीन बैलों की भी चली गई जान
बरेली निवासी तीन लोग ढाईघाट से बैल खरीदकर लौट रहे थे घर
कांट-जलालाबाद रोड पर क्वालिस ने वृद्धा को मारी टक्कर
अमर उजाला ब्यूरो
शाहजहांपुर/ मदनापुर।
कटरा-फर्रुखाबाद हाईवे पर सोमवार सुबह मदनापुर क्षेत्र में ट्रक की चपेट में आकर बरेली के एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका तहेरा भाई व साथी घायल हो गया। इस हादसे में तीन बैल भी मर गए। इधर, कांट-जलालाबाद रोड पर सोमवार दोपहर क्वालिस की चपेट में आकर वृद्धा की जान चली गई। पुलिस ने दोनों शव पोस्टमार्टम को भेजे हैं।
बरेली के थाना भुता क्षेत्र के गांव फरीदापुर निवासी अल्ली खां का 22 वर्षीय पुत्र रईस खां रविवार देर रात अपने तहेरे भाई अशफाक उर्फ बन्ने खां व गांव विलासपुर निवासी साथी मुरारी के साथ मिर्जापुर क्षेत्र के ढाईघाट मेला नखासा से दो जोड़ी बैल लेकर पैदल लौट रहा था। बैल उसके तहेरे भाई बन्ने खां के थे। सोमवार सुबह करीब 5:30 बजे सभी लोग मदनापुर क्षेत्र में गांव कुदैया और हीरानगर के बीच पहुंचे तभी पीछे से जलालाबाद की ओर से आए तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें चपेट में ले लिया। नतीजतन ट्रक का पहिया रईस खां के सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथी मुरारी के सिर में गंभीर चोट आई। उसे जिला अस्पताल से बरेली रेफर कर दिया गया। तहेरे भाई बन्ने को मामूली चोट लगी है। इस हादसे में तीन बैल भी मर गए। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर भाग गया। इधर, कांट-जलालाबाद रोड पर केआर पेपर मिल के करीब पीएनबी के सामने कांट के गांव इकनौरा निवासी भंगड़ी की 60 वर्षीय पत्नी तस्लीमन को सोमवार दोपहर 1:30 बजे क्वालिस ने टक्कर मार दी। जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वह बैंक से रुपये निकालने के बाद घर जाने के लिए रोड किनारे वाहन के इंतजार में खड़ी थीं।