शाहजहांपुर। कृष्णानगर के श्री कृष्णा मंदिर में रविवार को भगवान शालिग्राम के साथ तुलसी जी का विवाह धूमधाम से संपन्न हुुआ। इससे पूर्व, श्रद्धालुओं ने धार्मिक स्वरूपों की सजीव झांकियों से सुसज्जित भगवान लड्डू गोपाल की शोभायात्रा निकाली और स्वयं बाराती बनकर मंदिर पहुंचे। वहां वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ विवाहोपरांत मंदिर कमेटी की ओर से सात जोड़ों का विवाह कराकर उन्हें दैनिक उपयोग की वस्तुएं भेंट की गईं।
कृष्णानगर के घर-घर और वहां के मंदिर में सुबह से ही वृंदावन जैसा वातावरण बन गया। सुबह की शुरुआत प्रत्येक रविवार को होने वाले कीर्तन के आयोजन से हुई। इस कार्यक्रम के आयोजक डॉ. हरीश, सिम्मी सचदेवा समेत कालोनी के श्रद्धालुओं ने भजन गाए तो भक्त झूमने-नाचने लगे। इसी के साथ ठाकुरजी-तुलसी विवाह की तैयारियां शुरू हो गईं। दोपहर दो बजे बारात के रूप मेें मंदिर से शोभायात्रा आरंभ हुई।
शोभायात्रा में सबसे आगे एक वाहन पर गणपति प्रतिमा रखी थी। पीछे श्रद्धालु स्त्री-पुरुषों और युवाओं का समूह बैंड बाजा और झांकियों के साथ थिरकते हुए चला। एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सवार राधा-कृष्ण प्रतिरूप में सजे वृंदावन के बाल कलाकारों ने अपनी नृत्य भाव-भंगिमाओं से राह चलते लोगों का मन मोह लिया। सबसे अंत में फूलों से सजे रथ की पालकी में भगवान लड्डू गोपाल के साथ भजन-कीर्तन करते हुए महिलाओं का जत्था चला।
शोभायात्रा विभिन्न मार्गों से होकर कृष्णानगर मंदिर पहुंची। इस बीच, रास्ते में कई स्थानों पर लड्डू गोपाल का पुष्पवर्षा कर और भोग लगाकर स्वागत किया गया। मंदिर में आरती के बाद पं. अखिलेश शास्त्री की देखरेख में द्वारचार एवं विवाह हुआ। इस अवसर पर वर पक्ष की ओर से हरीश बजाज व सीमा बजाज और वधूपक्ष की ओर से मनीष गोगिया व संगीता गोगिया ने सारी रस्में निभाईं।
इन सभी का दहेज रहित हुआ सामूहिक विवाह
कृष्णानगर मंदिर में शालिग्राम-तुलसी विवाह के पश्चात सीतापुर के सुधीर संग शहर के बाड़ूजई की यामिनी, शहबाजनगर के शिव कुमार के साथ लोधीपुर की ज्योति कश्यप, जलालाबाद क्षेत्र के गांव दाउदपुर निवासी उमेश कुमार के हुसैनपुरा की कैकेयी, पुवायां के मोहल्ला आनंद वाटिका निवासी आरती संग वहीं के मोहल्ला कसभरा निवासी मुनेश, रोशनगंज निवासी रिंकू के साथ चौभुर्जी की रेनू, बहादुरपुरा की शिल्पी संग दिल्ली निवासी अमन कुमार और अलीगंज एटा निवासी पुष्पेंद्र के साथ जलालाबाद निवासी तीजवती का विवाह संपन्न हुआ। व्यवस्था में सुशील नारंग, कमलेश सचदेवा, अनिल तनेजा, भारत भूषण खुराना, दुर्गा अरोड़ा, पवन गुप्ता, राधेश्याम गुप्ता आदि का सहयोग रहा।