पुवायां (शाहजहांपुर)। भारतीय किसान मजदूर यूनियन (राष्ट्रवादी) के कार्यकर्ताओं का एसडीएम दफ्तर के सामने चल रहा धरना प्रदर्शन तीसरे दिन भी जारी रहा। कार्यकर्ताओं ने कहा कि समस्याओं का निस्तारण नहीं होने तक धरना जारी रहेगा।
भाकिमयू के जिला प्रभारी मैकूलाल यादव ने बताया कि तीन अक्तूबर को एसडीएम को ज्ञापन सौंपा गया था। ज्ञापन में धान क्रय केंद्र खोले जाने, कर्ज माफी योजना में शामिल सभी किसानों के मामले की जांच कर और बैंक की ओर से किए जा रहे घोटाले में जांच कर कार्रवाई किए जाने, वर्ष 2014-15 में ओलावृष्टि से नष्ट हुई फसल का मुआवजा देने में किए गए भ्रष्टाचार की जांच कराने, पूर्ति निरीक्षक को निलंबित किए जाने सहित 21 मांगों पर कार्रवाई की मांग की गई थी, लेकिन एक भी समस्या का निराकरण नहीं कराया गया, जिस कारण धरना प्रदर्शन करने पर विवश होना पड़ा।
एसडीएम मोइन उल इस्लाम ने धरने पर बैठे लोगों से वार्ता का प्रस्ताव रखा, लेकिन किसानों ने पहले समस्याओं का निराकरण कराने की शर्त रख कहा कि कार्रवाई नहीं होने तक धरना जारी रहेगा। शुक्रवार को धरने पर भारत सिंह, प्रयागदत्त, संतोष कुमार, विमलेश कुमार, कल्याण सिंह, सियाराम शर्मा सहित तमाम कार्यकर्ता बैठे।