तिलहर (शाहजहांपुर)। बाजार विरियागंज से शराब की भट्टी हटाए जाने को लेकर एकलव्य छात्र शक्ति सेवा समिति के तत्वाधान में छात्रों और महिलाओं का धरना प्रदर्शन जिलाधिकारी के आश्वासन के बाद नवें दिन समाप्त हो गया। धरनास्थल पर पहुंचे एसडीएम मोइन उल इस्लाम ने डीएम के हवाले से बताया कि शराब भट्टी अन्य स्थान पर स्थानांतरित होने तक बंद रहेगी। आंदोलनकारियों की सहमति होने के बाद एसडीएम ने धरना समाप्त कराया।
बता दें कि 27 जुलाई से बाजार विजयागंज से शराब भट्टी को हटाने को लेकर एकलव्य छात्र शक्ति सेवा समिति के प्रदेश अध्यक्ष आनंद यादव के नेतृत्व में मोहल्ले की महिलाओं ने धरना प्रदर्शन शुरू किया था। शुक्रवार को दोपहर करीब 12:30 बजे एसडीएम मोइन उल इस्लाम और कोतवाल मनोज कुमार धरना स्थल पहुंचे। एसडीएम ने जिलाधिकारी के प्रस्ताव को रखते हुए कहा कि शराब की दुकान अब दूसरी जगह ही खुलेगी। उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी के अग्रिम आदेश तक दुकान तत्काल प्रभाव से बंद कर दी गई। जिलाधिकारी के प्रस्ताव पर सहमत हो जाने के बाद आंदोलन में महिलाओं और छात्रों का धरना प्रदर्शन समाप्त हो गया। इस दौरान बार एसोसिएशन के अध्यक्ष शिवपाल सिंह, सपा जिला महासचिव सौरभ गुप्ता, एकलव्य छात्र शक्ति सेवा समिति के प्रदेश अध्यक्ष आनंद यादव, नीलम देवी, सुषमा देवी, जलधारा यादव, अनीता सक्सेना, श्रीदेवी यादव, कौशल गुप्ता, मिथिलेश कुमारी, पवन शर्मा, पुष्पा देवी सहित तमाम लोग मौजूद रहे।