पुवायां (शाहजहांपुर)। खुटार के गांव सिमरा वीरान स्थित राजकीय गोसदन की जमीन की नीलामी दो बार टल चुकी है, अब नीलामी की तिथि 15 जुलाई तय की गई है। किसानों ने नीलामी पुराने नियमों के तहत कराने की मांग की है।
किसानों का कहना है कि गोसदन की कुल 80 एकड़ जमीन की नीलामी की जाती थी, लेकिन इस बार लगभग दो सौ एकड़ जमीन की नीलामी किए जाने के आदेश दिए गए हैं। नीलामी में ऐसी जमीन को शामिल कर दिया गया है जो कृषि योग्य नहीं है और रेत की टीलों की शक्ल में है। इस जमीन को कोई भी किसान नीलामी में नहीं लेगा। किसानों के अनुसार पहले नीलाम की जाने वाली 80 एकड़ जमीन में इस बार 20 एकड़ पर पौधारोपण करा दिया गया है, जबकि पौध ऊंची नीची जमीन पर भी लगाई जा सकती थी।
इसके अलावा नीलामी के समय कुल रकम का 1/4 भाग जमा कराया जाता था और शेष रकम गेहूं की फसल तैयार होने पर जमा कराई जाती थी, लेकिन इस बार नीलामी के समय 1/4 और शेष रकम एक माह के अंदर मांगी जा रही है। जिससे किसान परेशान हैं। किसानों की मांग है कि जमीन को ठेके पर देने में पुराने नियमों को लागू करने के साथ ही सभी कृषि योग्य प्लाटों की पैमाइश कर जमीन ठेके पर दी जानी चाहिए। गोसदन के पशुधन प्रसार अधिकारी डॉ. विवेक शुक्ला का कहना है कि नीलामी अधिकारियों के निर्देशानुसार 15 जुलाई को होगी।