भाजपा की सांसद एवं संसदीय ऊर्जा बोर्ड की सदस्य कृष्णाराज के प्रयास से जिले के 1994 मझरे बिजली से जल्द जगमगाने लगेंगे। सांसद के अनुरोध पर केंद्रीय ऊर्जा मंत्री पीयूष गोयल ने इन गांवों में विद्युतीकरण के लिए एक अरब 91 करोड़ 36 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत कर इसके लिए टेंडर लेने की तारीख तीन जून नियत की है।
केंद्र सरकार की एपीडीआरपी स्कीम और ग्रामीण विद्युतीकरण योजना के तहत जिले की 922 ग्राम पंचायत मुख्यालयों सहित उनसे संबंधित अन्य सैकड़ों राजस्व गांवों में विद्युतीकरण पहले ही कराया जा चुका है। इस बीच, एपीडीआरपी के द्वितीय चरण में मिली बजट की धनराशि खर्च होने से विभिन्न ग्राम पंचायतों के 1994 मझरों तक बिजली नहीं पहुंच पाई। जन प्रतिनिधियों ने सरकारी बैठकों में कई बार यह मुद्दा उठाया, लेकिन राज्य सरकार ने बिजली से वंचित गांवों को रोशन करने के लिए कोई पहल नहीं की।
इसी तथ्य को ध्यान में रखते हुए सांसद कृष्णा राज ने पिछले दिनों दिल्ली प्रवास के दौरान संसदीय ऊर्जा बोर्ड की सदस्य के नाते ऊर्जा मंत्री पीयूष गोयल से मुलाकात की और उनसे अपने निर्वाचन क्षेत्र में विद्युतीकरण से छूटे 1994 गांवों तक बिजली पहुंचाने का आग्रह किया। सांसद के मीडिया प्रभारी रामबरन सिंह ने बताया कि सांसद के अनुरोध को ऊर्जा मंत्री ने स्वीकार करते हुए उपरोक्त धनराशि स्वीकृत की है। टेंडर से कार्यदायी संस्था तय होने के तुरंत बाद संबंधित गांवों में पॉवर नेटवर्क बिछाने का काम शुरू कर दिया जाएगा।