- धनघटा क्षेत्र के बिड़हरघाट में हुई घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा। क्षेत्र के बिड़हरघाट में रविवार को नहाने गया 19 वर्षीय युवक सरयू नदी में डूब गया। स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक के शव को नदी से बाहर निकाला गया। युवक की पहचान ग्राम चपरा पूर्वी निवासी अरुण कुमार पुत्र सूर्यकेश के रूप में हुई। मौत की घटना से परिजनों में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने शव का पंचनामा कर परिजनों को सुपुर्द कर दिया।
जानकारी के मुताबिक ग्राम चपरा पूर्वी निवासी अरुण कुमार तीन दोस्तों के साथ स्नान करने बिड़हरघाट गया था। नहाते समय अरुण कुमार गहरे पानी में डूबने लगा। इस बीच नदी में स्नान कर रहे दोस्तों ने युवक को डूबता देख शोर मचाया। इस बीच घाट पर मौजूद स्थानीय गोताखोर युवक को बचाने के लिए नदी में कूद पड़े। जब तक बचाव किया जाता तब तक अरुण गहरे पानी में डूब गया। गोताखोरों के प्रयास के बाद अरुण को नदी से बाहर निकाला गया। इलाज के लिए सीएचसी मलौली भेजा गया। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद अरुण को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया। गांव में मातम पसर गया। अरुण आंबेडकरनगर के किसी महाविद्यालय में स्नातक का छात्र था। पुलिस के मुताबिक परिजन शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए राजी नही थे। इसलिए शव का पंचनामा कर परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया।