संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र के तेनुहारी दोयम गांव निवासी एक युवक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों की तहरीर पर पुलिस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई में जुट गई है।
कोतवाल जयप्रकाश दूबे ने बताया कि तेनुहारी दोयम निवासी त्रिनेत्र (पुत्र चंद्रमूल) ने जानकारी दी कि 11 अप्रैल की शाम करीब 5:00 बजे मोटरसाइकिल से भुजैनी बाजार सामान लेने जा रहे थे। चुरेब ओवरब्रिज से पहले स्थित होटल के पश्चिम चुरेब वह किसी का इंतजार करने के लिए रुके थे।
इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही एक मोटरसाइकिल सवार ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में त्रिनेत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने 108 एंबुलेंस और परिजनों को सूचना दी। परिजन उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। वहां इलाज के बाद भी हालत में सुधार न होने पर उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां सिर और गले का ऑपरेशन किया गया है। फिलहाल उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
कोतवाल ने बताया कि घायल के बड़े भाई विशाल की तहरीर पर पुलिस मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।