पेड़ से लटका मिला युवक का शव
बंसवारी गांव की घटना, पेड़ के पास बाइक भी खड़ी थी
धनघटा (संतकबीरनगर)। क्षेत्र के बंसवारी गांव में स्थित बाबा बैजूनाथ शिव मंदिर के पीछे बुधवार को पेड़ में रस्सी के सहारे युवक की लटकती लाश मिली। युवक की बाइक भी पेड़ के पास खड़ी थी।
घटना की जानकारी होने पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। शव की पहचान गोरखपुर जिले के बेलघाट क्षेत्र के मनिकापार गांव निवासी 24 वर्षीय सूरज पुत्र रामवृक्ष के रूप में हुई। मनिकापार गांव निवासी सूरज मंगलवार शाम बाइक से घर से निकला था। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। बुधवार को धनघटा क्षेत्र में बाबा बैजूनाथ मंदिर के पास शव मिलने की जानकारी जब परिजनों को हुई तो वह मौके पर पहुंच गए।
परिजनों ने शव की शिनाख्त सूरज के रूप में की। परिजनों ने बताया कि सूरज घर पर किसी को कुछ बताए बिना निकला था। एसओ केडी सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की वजह स्पष्ट होगी। परिजनों ने तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।