संतकबीरनगर। शहर के मोतीनगर मोहल्ले में सोमवार को लड़की पक्ष को अंधेरे में रखकर दूसरी शादी रचा रहे दुल्हे ने दुल्हन पक्ष से आपस में सुलह समझौता कर लिया। दुल्हा पक्ष ने शादी में मिले सभी सामान वापस करना पड़ा। साथ ही शादी में खर्च की रकम को भी अदा करना पड़ा।
महुली क्षेत्र के अम्मादेई गांव निवासी मोहम्मद दानिश खान पुत्र मोहम्मद मूसा खान की शादी मोतीनगर मोहल्ले में स्थित मैरिज हाॅल में सोमवार को हो रही थी। उसी दौरान उनकी पहली पत्नी मोबिना खातून अन्य लोगों के साथ पहुंचकर वहां पर हंगामा शुरू कर दिया। मोबिना का आरोप था कि बिना उसका तलाक हुए दानिश दूसरी शादी कर रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस दूल्हे को हिरासत में लेकर कोतवाली पहुंची।
वहीं लड़की पक्ष ने भी मामले में दुल्हा पक्ष पर मामले को छिपा कर शादी करने का आरोप मढ़ते हुए कार्रवाई के लिए पुलिस को तहरीर दी। जिसके बाद दोनों पक्षों के संभ्रांत लोगों ने आगे आकर समझौता का प्रयास शुरु किया। 24 घंटा तक चले पंचायत के बाद दोनों पक्ष शादी के खर्च एवं सामान वापस करने की बात तय होने पर सुलह समझौता कर लिए।
कोतवाल सतीश कुमार सिंह ने बताया कि दोनों पक्ष सामान वापसी एवं खर्च की बात आपस में तय करके सुलह समझौता कर लिए। इसके बाद आरोपी दूल्हे को भी छोड़ दिया गया।