महुली। पत्नी को मनाकर घर लाने जा रहे युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई। महुली थाना क्षेत्र के मैनसिर चौराहे के पास बुधवार देर रात अज्ञात वाहन की टक्कर में उनकी जान चली गई। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में चीख पुकार मच गई।
एसओ महुली दुर्गेश कुमार पांडेय के अनुसार बुधवार रात करीब 11:15 बजे डायल-112 पर सूचना मिली कि मैनसिर चौराहे के पास एक बाइक सवार युवक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दुर्घटना में उसका सिर गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया था, जिससे तत्काल पहचान नहीं हो सकी।
एसओ ने बताया कि सूचना के बाद पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव कब्जे में लेकर पहचान कराने का प्रयास शुरू किया। बाइक के पंजीकरण और युवक के जेब से मिले कागजात के आधार पर उसकी पहचान विजय (32) पुत्र रामपरित, निवासी भिनखिनी खुर्द के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने परिजनों को घटना की सूचना दी।
जांच में पता चला कि विजय अपनी नाराज पत्नी को मनाने के लिए उसके मायके जा रहा था। परिवार को उम्मीद थी कि वह पत्नी को साथ लेकर लौटेगा, लेकिन रास्ते में ही अज्ञात वाहन ने उसकी जिंदगी छीन ली। देर रात जैसे ही हादसे की सूचना घर पहुंची, परिवार में चीख-पुकार मच गई।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।