शमशुद्दीन उर्फ शहबाज की फाइल फोटो।
- फोटो : KHALILABAD
हादसे में युवक की मौत, दूसरा घायल
अनियंत्रित बाइक के पेड़ से टकराने से हुआ हादसा
सेमरियावां (संतकबीरनगर)। क्षेत्र के पैड़ी-दानोकुइयां मार्ग पर करही गांव स्थित कंपोजिट विद्यालय के पास मोड़ पर मंगलवार को अनियंत्रित बाइक के पेड़ से टकरा जाने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। दूसरा युवक घायल हो गया। घायल युवक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सेमरियावां से जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार उसरा शहीद गांव निवासी 23 वर्षीय शमशुद्दीन उर्फ शहबाज पुत्र कमरूद्दीन व 21 वर्षीय गुलाब चंद पुत्र स्वर्गीय रामसुभग एक ही बाइक से करही गांव जा रहे थे। करही स्थित कंपोजिट विद्यालय के सामने मोड़ पर पहुंचे थे। उसी दौरान बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में शमशुद्दीन उर्फ शहबाज की मौत हो गई। जबकि गुलाब चंद घायल हो गया।
ग्रामीणों ने बताया कि शमशुद्दीन उर्फ शहबाज पांच भाइयों एवं चार बहनों में सबसे बड़ा था। वह उसरा शहीद चौराहे पर स्थितएक दुकान में कार्य करता था। बेटे की मौत पर मां नजमा खातून तथा पिता कमरूद्दीन का रो-रो कर बुरा हाल था। सूचना पर पूर्व जिला पंचायत सदस्य महताब आलम लड्डू ने मृतक के घर पहुंच कर ढांढस बंधाया। एसओ अनिल कुमार दूबे ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।