महुली(संतकबीरनगर)। गांवों में भारतीय संस्कृति और जीवन मूल्यों के पुनर्जागरण की दिशा में एक सशक्त प्रयास के रूप में, आर्ट ऑफ लिविंग की ओर से आयोजित युवा नेतृत्व प्रशिक्षण कार्यक्रम का 8 दिवसीय आवासीय शिविर रविवार को उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ।
इस शिविर में उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र के 12 जिलों देवरिया, आजमगढ़, मिर्जापुर, वाराणसी, कन्नौज, बुलंदशहर, प्रयागराज, बस्ती, सीतापुर, इटावा, मेरठ तथा धारावी (मुंबई) से आए 44 चयनित युवा प्रतिभागियों ने भाग लिया। यह शिविर 19 से 27 जुलाई तक चला। शिविर का मूल उद्देश्य था युवाओं को साधना, सेवा और स्वाध्याय के माध्यम से आत्मिक, मानसिक एवं सामाजिक रूप से सशक्त बनाना, जिससे वे अपने गांव, समाज और देश के लिए एक जिम्मेदार, सेवाभावी एवं जागरूक नागरिक बन सकें। इस दौरान पारम्परिक खेलों कबड्डी, खो - खो का आयोजन किया गया। वहीं सफाई का कार्य भी किया गया।
शिविर का संचालन वरिष्ठ प्रशिक्षक अमित सिंह व रामाशीष द्वारा किया गया। उनके साथ अमित जैन, सुभाष गुप्ता, एवं स्थानीय युवाचार्य प्रमोद कुमार, नीरज कुमार, रामेश्वर, प्रभुनाथ यादव, दुर्गेश वर्मा, प्रतिभा, विपिन और छोटेलाल वर्मा ने शिविर को जीवंत और प्रभावशाली बनाया।