संतकबीरनगर। विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग के तहत 27 अक्तूबर को संतकबीर अकादमी ऑडिटोरियम, मगहर में जनपद स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस वर्ष उत्सव की थीम ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ रखी गई है। इसमें युवाओं की प्रतिभा और रचनात्मकता को मंच देने के साथ नशामुक्ति का संदेश दिया जाएगा।
जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी डॉ. सलोनी गर्ग ने बताया कि उत्सव का उद्देश्य युवाओं की प्रतिभा, रचनात्मकता और सांस्कृतिक अभिव्यक्ति को प्रोत्साहित करना है। इसके साथ ही नशामुक्त युवा और विकसित भारत के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है। प्रतियोगिताएं पांच विधाओं में आयोजित की जाएंगी।
युवा उत्सव में समूह लोकनृत्य के माध्यम से प्रतिभागी भारतीय लोकसंस्कृति, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत का प्रदर्शन करेंगे। लोकगीत प्रतियोगिता में लोकपरंपराओं, सांस्कृतिक मूल्यों और सामाजिक संदेशों पर आधारित प्रस्तुतियां दी जाएंगी।
नुक्कड़ नाटक के माध्यम से नशे के दुष्परिणामों, नशामुक्त जीवन और विकसित भारत के संदेश को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया जाएगा। पेंटिंग प्रतियोगिता में प्रतिभागी निर्धारित थीम पर चित्र बनाकर अपनी कलात्मक प्रतिभा और मौलिक सोच का प्रदर्शन करेंगे। वहीं, कविता लेखन प्रतियोगिता में युवा अपनी मौलिक रचनाओं के माध्यम से नशामुक्त युवा और विकसित भारत की परिकल्पना को शब्दों में पिरोएंगे।
माई भारत पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य
डॉ. सलोनी गर्ग ने बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रतिभागी की आयु 15 से 29 वर्ष के बीच होनी चाहिए। प्रतिभागी का जिले का निवासी होना या जिले में अध्ययनरत होना अनिवार्य है। सभी पात्र प्रतिभागियों को माई भारत पोर्टल पर पंजीकरण कराना होगा। इच्छुक युवा प्रतियोगिता में शामिल होने से पहले पोर्टल पर पंजीकरण कर निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करें। उन्होंने बताया कि जनपद स्तर पर विजेता प्रतिभागियों को मंडल और राज्य स्तर पर आयोजित प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा।