संतकबीरनगर। खलीलाबाद कोतवाली थाना क्षेत्र के मगहर में संदिग्ध परिस्थिति में एक युवक की मौत हो गई। जिला अस्पताल की सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार मगहर कस्बा के मोहनलालपुर मोहल्ला निवासी दुर्गेश निषाद (20) पुत्र अरुण निषाद का दो मकान है। उसका एक मकान नदी के किनारे स्थित खेत में बना हुआ है। पिता अरुण ने बताया कि मंगलवार को देर शाम साढ़े छह बजे के करीब उनका लड़का दुर्गेश खेत स्थित मकान पर गया हुआ था। जहां से एक घंटे तक नहीं आया तो परिजन उसे तलाशते हुए दूसरे मकान पर गए। वहां दुर्गेश को जमीन पर पड़ा देखा, उसके मुंह से झाग निकल रहा था।
परिजनों ने शोर मचाया तो आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। परिजन उसे निजी साधन से लेकर जिला अस्पताल की इमरजेंसी में आए। जहां डॉक्टरों ने भर्ती कर उपचार शुरू कर दिया। आधे घंटे बाद देर रात 8:30 बजे के करीब उसकी मृत्यु हाे गई। डाक्टरों की सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।