- मकान के चल रहे प्लास्टर के कार्य की वजह से दीवार में लगे बोर्ड को हटाने दौरान हुई घटना
- कोरोना काल में वर्ष 2020 में पीड़ित परिवार के चार सदस्यों की हो गई थी मौत
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। कोतवाली क्षेत्र के रसूलपुर के रहने वाले युवक की शुक्रवार को करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना से पीड़ित परिजन सहम गए। सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया।
रसूलपुर गांव निवासी पीड़ित बडे़ भाई हरिशंकर उर्फ विजय पुत्र स्वर्गीय राम बहाल ने बताया कि घर पर प्लास्टर का काम चल रहा है। दीवार पर बोर्ड लगा था। छोटे भाई 31 साल के रविंद्र सिंह दीवार में लगे बोर्ड को हटाने लगे। उसी दौरान भाई करंट की चपेट में आ गए। घटना देखकर वह दौड़कर पहुंचे और भाई को बिजली के तार से दूर किए। करंट से झुलसे रविंद्र को जिला अस्पताल ले गए, जहां देखते ही डॉक्टरों ने भाई को मृत घोषित कर दिया। भाई रविंद्र आर्मी में इंजीनियरिंग सेक्शन में क्लर्क थे, वर्ष 2010 में ही नौकरी छोड़ दिए थे और घर पर ही रहते थे। भाई की अविवाहित थे। पीड़ित बड़े भाई ने बताया कि वह पांच भाई थे। कोरोना काल में वर्ष 2020 में पिता राम बहाल, मां राजपति देवी, मझले भाई गिरिजा शंकर और सात वर्ष की भतीजी की मौत हो गई थी। इधर करंट से छोटे भाई रविंद्र की मौत हो गई। इन घटनाओं से परिवार पर विपत्ति का पहाड़ टूट पड़ा। साथ आए लोग भी गमगीन थे। कलक्ट्रेट चौकी इंचार्ज लाल बिहारी निषाद और मुख्य आरक्षी गौतम यादव ने बताया कि सूचना पर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया गया।