संवाद न्यूज एजेंसी
सांथा। बेलहर कला थाना क्षेत्र में नंदौर-सांथा मार्ग पर बृहस्पतिवार दोपहर सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर मौत हो गई। सामने से आ रही एक बाइक को बचाने के प्रयास में युवक की बाइक अनियंत्रित होकर ट्रेलर से टकरा गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, लोहरौली मिश्र गांव निवासी मनीष यादव (28) पुत्र अमेरिका यादव बाइक से सांथा से नंदौर की ओर जा रहा था। दोपहर में वह बेलहर कला थाना क्षेत्र के झुड़िया गांव स्थित पेट्रोल पंप के पास पहुंचा था कि सामने से एक बाइक आ गई। उसे बचाने के प्रयास में उसकी बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे सड़क पर जा रहे ट्रेलर से टकरा गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मनीष यादव की मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची बेलहर कला पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और हादसे की जांच शुरू कर दी है।
एसओ हरिकेश भारती ने बताया कि शव कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। मामले में अभी तक तहरीर नहीं मिली है। परिजन की तरफ से तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।