मेंहदावल। स्थानीय थाना क्षेत्र के रक्शा गांव में एक युवक पर आधा दर्जन से अधिक लोगों ने लोहे के राॅड व लाठी से हमला बोल दिया।
गंभीर रूप से घायल हालत में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मेंहदावल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया। जहां पर उसकी स्थिति गंभीर देख प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया। पुलिस ने मामले में सात नामजद व एक अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है।
पुलिस को दी तहरीर में रक्शा गांव निवासी विवेकानंद मिश्र ने बताया कि उनका भाई दयानंद मिश्र सोमवार की रात 8:30 बजे अपने घर से खाना लेकर निर्माणाधीन मकान पर जा रहे थे। पहले से ही घात लगाए उनके गांव के श्यामघर, सदानंद मिश्र, संत कुमार, सुशीला देवी, शैलेंद्र मिश्रा, अंजलि सहित दो अन्य लोग लोहे के राॅड व लाठी डंडे से उन पर हमला बोल दिया। जान से मारने की नियत से उसे काफी मारा पीटा। जिससे उनके भाई को काफी गंभीर चोटें आई हैं।
वारदात की जानकारी मिलने पर वे मौके पर पहुंचे तो सभी आरोपी भाग निकले। एसओ मेंहदावल प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार सिंह ने कहा कि तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पूरे मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।