-बखिरा क्षेत्र के मलौली का मामला
-बड़े भाई से 700 रुपये बकाया मांगने का आरोप
-बड़े भाई, भतीजा और भतीजी पर हत्या के प्रयास का केस
संवाद न्यूज एजेंसी
बखिरा। क्षेत्र के मलौली में खेत की सिंचाई का 700 रुपये बकाया रकम मांगने पर बड़े भाई ने छोटे भाई को चाकू से वार कर घायल कर दिया। भतीजी ने भी हसिया से गले पर वार किया। पीड़ित ने ऐसा आरोप लगाते हुए एसपी से शिकायत की। एसपी के निर्देश के बाद पुलिस ने आरोपी बड़े भाई, भतीजे और भतीजी पर हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया।
मलौली निवासी बालकेश पुत्र रामकेवल ने बताया कि वह तीन भाई हैं। सभी भाइयों में कई वर्ष पूर्व आपसी बंटवारा हो गया था। उसने अपनी बोरिंग से बड़े भाई रामकिशुन के खेत में पानी चलाया था। जिसका 700 रुपये बकाया भी था। 14 अगस्त की शाम सात बजे बड़े भाई रामकिशुन से उसी बकाये रकम की मांग कर रहे थे। जिससे वे नाराज होकर अपशब्द कहने लगे।
मना करने पर पीछे से आकर उसे पकड़ लिया व हत्या करने की नीयत से जेब में रखे चाकू से उसके पेट व सीने पर प्रहार कर दिया। इस हमले से आंत बाहर आ गई। वह जमीन पर बेहोश होकर गिर पड़ा। इतने में ही आरोपी की बेटी शंकुलता ने आकर हत्या की नीयत से हसिया से उसके गले पर प्रहार कर दिया।
पीड़ित बालकेश ने एसपी को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। एसओ श्याममोहन ने बताया रुपये के लेन देन के विवाद में बड़े भाई ने छोटे भाई पर चाकू से हमला कर दिया था। इस मामले में पीड़ित बालकेश की तहरीर पर बड़े भाई रामकिशुन और उसके बेटे बुद्धिराम व बेटी शकुंतला के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर लिया गया है।