संतकबीरनगर। रक्षाबंधन का त्योहार बृहस्पतिवार को मनाया जाएगा। बहनें, भाइयों की लंबी उम्र और यश के लिए उनके कलाई पर राखी बांधेंगी। इसके लिए सुबह 7.05 बजे तक मुहूर्त है।
रक्षा बंधन के त्योहार को लेकर सुबह से महिलाएं राखी खरीदने के लिए दुकानों पर पहुंचने लगी। इसके साथ ही मिठाईयों की दुकानों पर भीड़ लगी रही। परिवहन निगम ने महिलाओं के लिए निगम की बसों में यात्रा फ्री कर दी है, इसके कारण परिवहन निगम की बसों में भीड़ ज्यादा रही।
धनघटा प्रतिनिधि के अनुसार बुधवार को सुबह 10:58 के बाद पूर्णिमा तिथि प्रारंभ हुई। उसी समय भद्रा प्रारंभ होने से रात्रि 09:01 तक राखी नहीं बांधा गया। आचार्य कृष्ण नारायण द्विवेदी के अनुसार 31 अगस्त बृहस्पतिवार को सुबह 7:05 तक पूर्णिमा तिथि है। इस बीच बहनें भाइयों की कलाई में रक्षा सूत्र बांध सकती है।
भाई को कैसे बांधें राखी
आचार्य कृष्ण नारायण द्विवेदी और आचार्य अश्वनी कुमार पांडेय ने बताया कि सभी बहनें यदि वास्तव में अपने भाई के आयु और यश की रक्षा करना चाहती हैं, तो शुभ मुहूर्त में आधुनिक रक्षासूत्र के साथ साथ पीले रंग के साफ कपड़े में एक चुटकी साबूत चावल, एक चुटकी पीली सरसों के दानें और कोई स्वर्ण की वस्तु रखकर पोटली बनाकर भाई के दाहिने कलाई में भगवान नरसिंह का मंत्र ॐ नृं नृं नृं नरसिंहाय नम:। का जाप करते हुए भगवान नरसिंह का स्मरण करते हुए बांधें।