संतकबीरनगर। शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर ले जाई गई युवती को एएचटी थाना पुलिस ने करीब 30 माह बाद पंजाब के होशियारपुर से सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने सर्विलांस सेल और तकनीकी माध्यमों की मदद से युवती के ठिकाने की जानकारी जुटाई। इसके बाद टीम ने होशियारपुर पहुंचकर उसे बरामद किया।
मामले में वर्ष 2024 में युवती की मां ने कोतवाली खलीलाबाद में तहरीर देकर प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आरोप था कि उसकी नाबालिग बेटी को शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर भगा ले जाया गया है। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद से ही पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी।
प्रकरण की संवेदनशीलता को देखते हुए एएचटी थाना पुलिस ने सर्विलांस सेल और तकनीकी सहयोग से युवती के संबंध में जानकारी जुटाई। सुराग मिलने पर पुलिस टीम 29 सितंबर को होशियारपुर पहुंची और युवती को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस टीम युवती को आवश्यक विधिक कार्रवाई के लिए न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने के लिए लेकर रवाना हो गई।