धनघटा क्षेत्र के मुड़ाडीहा गांव का मामला, गोरखपुर जनपद के गोला क्षेत्र के सदौली का निवासी
संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा। क्षेत्र के मुड़ाडीहा गांव में मंगलवार को ननिहाल आए 22 वर्षीय युवक की करंट की चपेट से मौत हो गई। युवक गोरखपुर जिले के गोला क्षेत्र के ग्राम सदौली का रहने वाला था।
गोरखपुर जनपद के गोला क्षेत्र के सदौली गांव का आनन्द पुत्र जोगेंद्र सोमवार को नाना पूर्णमासी से मिलने ननिहाल आया था। बताया जाता है कि वह मंगलवार को घर में पंखे का स्विच लगा रहा था। इसी बीच करंट की चपेट में आ गया। घटना के समय परिवार का कोई सदस्य मौके पर मौजूद नहीं था। कुछ देर बाद सदस्य घर में दाखिल हुए तो आनंद जमीन पर गिरा पड़ा था। परिजन उसे सीएचसी मलौली लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना से परिजनों में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।