- धनघटा क्षेत्र के चपरा पूर्वी गांव का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा। क्षेत्र के चपरा पूर्वी गांव निवासी युवक की शनिवार की सुबह हैंडपंप चलाते समय करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। युवक की मौत से परिवार में चीख-पुकार मच गई।
चपरा पूर्वी निवासी अभिनंदन (22) पुत्र स्व. प्रेम शनिवार की सुबह करीब छह बजे हैंडपंप पर पानी भरने गया। हैंडपंप में पानी का मोटर पहले से लगा है। गांववालों का कहना है कि जिस समय अभिनंदन हैंडपंप चला रहा था, उसी समय करंट ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। जिससे अभिनंदन वहीं पर गिर गया। पड़ोसियों और परिजनों की नजर पड़ी तो दौड़ कर पहुंचे और उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मलौली ले गए, जहां देखने के बाद डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
युवक की मौत से परिवार में चीख-पुकार मच गई। मृतक दो भाइयों में बड़ा था। उसके पिता की मौत तीन साल पहले हो चुकी है। घर के कमाऊ पुत्र की मौत से परिवार के लोगों का रो-रो कर बेहाल है। पुलिस ने अभिनंदन के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।