-यूपीपीसीएल की वेबसाइट पर ब्योरा भरकर ऑनलाइन जमा कर सकते हैं फीस
- भीषण गर्मी में बढ़ गई बिजली खपत, बिचौलियों के चक्कर में फंसकर गंवा रहे रकम
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। बिजली उपभोक्ता घरेलू या कॉमर्शियल कनेक्शन का लोड अब घर बैठे बढ़वा सकते हैं। उन्हें यूपीपीसीएल की वेबसाइट पर अपना पूरा ब्योरा भरकर ऑनलाइन फीस जमा करनी होगी। इसके बाद निगम के अधिकारी की जांच और रिपोर्ट के बाद कनेक्शन का लोड बढ़ जाएगा। भीषण गर्मी में बिजली की खपत बढ़ गई है। लोग बिचौलियों के चक्कर में फंसकर मीटर का लोड बढ़वाने के चक्कर में रकम गंवा रहे हैं। इसके बाद भी समय से उनका काम नहीं हो रहा है।
बिजली निगम कार्यालय में प्रतिदिन 150 के करीब लोग लोड बढ़वाने के लिए चक्कर लगा रहे हैं। जो समय और काम की जल्दबाजी के वजह से बिचौलियों के चक्कर में फंसकर रकम भी गंवा रहे हैं। भीषण गर्मी में कम क्षमता के कनेक्शन पर अधिक क्षमता का उपकरण चलाने से लोगों को जुर्माना भरना पड़ रहा है। इससे वह कनेक्शन की क्षमता को बढ़ाने के लिए निगम का चक्कर लगाते हैं। कई बार बिचौलियों के चक्कर में पड़कर लोग 2000 से 10 हजार रुपये तक का चूना लग जाता है। यूपीपीसीएल ने अब लोगों को लोड़ बढ़ाने का अधिकार स्वयं दे दिया है। दो किलोवाट से लेकर 20 किलोवाट तक उपभोक्ता घर बैठे लोड बढ़ा सकते हैं।
मोबाइल से ऐसे बढ़ाए कनेक्शन का लोड
उपभोक्ता एक से 20 किलोवाट तक के घरेलू या कॉमर्शियल कनेक्शन का लोड बढ़ा सकते हैं। इसके लिए उन्हें मोबाइल फोन पर uppcl.org वेबसाइट खोलना होगा। इसमें सेवा अनुरोध सूची पर जाकर लोड परिवर्तन का अनुरोध विकल्प पर क्लिक करें। खुलकर आई टेबल सबसे पहले डिस्काॅम का नंबर डाले। इसके बाद कनेक्शन नंबर भरकर पासवर्ड डालें, कैप्चा डालते पूछेगा कि कितना लोड बढ़ाना चाहते हैं। जरूरत के मुताबिक लोड भरते ही ऑॅनलाइन प्रोसेसिंग फीस मांगेगा। फीस जमा करते ही कनेक्शन का लोड बढ़ जाएगा। जिसका पीडीएफ डाउनलोड कर सुरक्षित रख लें।
000000000000000000
मोबाइल फोन पर बिल भुगतान की स्थिति की लें जानकारी
लोग मोबाइल फोन पर बिल भुगतान की स्थिति जान सकते हैं। गूगल प्ले स्टोर से यूपीपीसीएल कंज्यूमर ऐप डाउनलोड करें। रजिस्टर्ड बिजली बिल के सापेक्ष रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से इस ऐप पर लॉगिन कर लें। इसके पश्चात बिजली से संबंधित समस्त प्रकार की जानकारी, बिल भुगतान की स्थिति, बिल बनने की स्थिति एवं अन्य जानकारी ऐप के माध्यम से लोग स्वयं जान सकते हैं।
0000000000000000000
ओवरलोड़ होने पर दोगना हो जाता है फिक्स चार्ज
गर्मी में घरों के अंदर कूलर, पंखा व एसी चलाया जा रहा है। कई बार लोग दो किलोवाट के कनेक्शन पर एसी चला देते हैं। इसमें कनेक्शन की क्षमता से अधिक लोड पहुंच जाता है। वैसे तो 110 रुपये प्रति किलोवाट के हिसाब से फिक्स चार्ज लगता है। कनेक्शन क्षमता से अधिक लोड आने पर फिक्स चार्ज दो गुना यानि 220 रुपये प्रति किलोवाट चुकाना पड़ता है। यह राशि बिल में अपने आप जुड़कर आ जाता है।
0000000000000000000000
वर्जन
एक से 20 किलोवाट तक लोग बिजली कनेक्शन का लोड तत्काल ऑनलाइन बढ़ा सकते हैं। सिर्फ प्रोसेसिंग फीस ऑनलाइन जमा करना होगा। सिक्योरिटी राशि बिल में जुड़कर आ जाएगा। मीटर बदलने की जरूरत होने पर निगम से नोटिस जाएगा। अन्य प्रक्रिया पूर्ण करने की जिम्मेदारी विभाग की होगी।
- रणधीर मिश्र, एक्सईएन, खलीलाबाद डिवीजन