पहलवानों ने दिखाए दांव दर्शकों में दिखा रोमांच
- फोटो : अमर उजाला
मगहर(संतकबीरगनर)। महोत्सव के तीसरे दिन दंगल का आयोजन किया गया। कुल 26 जोड़ी पहलवानों ने दांव आजमाए। 16 मुकाबले बराबरी पर छूटे। 10 जोड़ का निर्णय हुआ। ब्रह्मानंद और आलोक पहलवान के बीच मुकाबला जोरदार रहा।
बतौर मुख्य अतिथि एसडीएम सदर एसपी सिंह ने दो पहलवानों का हाथ मिलवाकर कुश्ती का शुभारंभ कराया। खेलकूद समिति के सचिव सैय्यद शमीम अहमद ने बताया कि इस कुश्ती में गोरखपुर, देवरिया समेत कई जिलों से पहलवान आए थे। ब्रह्मानंद और आलोक पहलवान के बीच हुए मुकाबले पर सबसे ज्यादा तालियां बजीं। करीब 10 मिनट तक चले इस मुकाबले में दोनों पहलवानों ने अपने दांव से दर्शकों का रोमांच बढ़ाए रखा। अंत में इनका मुकाबला बराबरी पर छूटा। इसके अलावा संजय ने मन्नू, दुर्गा यादव ने सुरेश कुमार, इंद्रमणि ने सलमान, महेंद्र ने विकास यादव को पटखनी दी। दंगल में निर्णायक की भूमिका गंगा यादव व वीरेंद्र कुमार ने निभाई।
इस मौके पर जिला क्रीड़ाधिकारी अमित कुमार, राम शंकर यादव, त्रिलोकीनाथ वर्मा, अवधेश सिंह, विजय तिवारी, सभासद भोलू पासवान, फैजान मुस्तफा, तीर्थराज यादव, विजय पहलवान, फिरोज खान मौजूद रहे।