मुखलिसपुर रोड पर बिजली फाल्ट को ठीक करते कर्मचारी
संतकबीरनगर। इस समय उमस भरी गर्मी पड़ रही है। इससे लोग बेहाल हैं। लोगों को बिजली की बेहतर आपूर्ति से राहत की उम्मीद थी, लेकिन बिजली बार-बार कट जा रही है। कही काम कराने के नाम पर बिजली काटी जा रही है तो कहीं लोकल फाल्ट के चलते बिजली आपूर्ति बाधित हो रही है। जिससे उपभोक्ता परेशान है।
खलीलाबाद शहर में बिजली आपूर्ति में सुधार के लिए कार्य कराए जा रहे हैं। इसके तहत बिजली के तार व पोल बदले जा रहे हैं। इससे शहर के विभिन्न मोहल्लों में सुबह दस बजे से शाम पांच बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहती है। इसके साथ ही लोकल फाल्ट की समस्या भी बनी हुई है। शहर के मड़या, बरदहिया बाजार, शुगर मिल रोड सहित कई क्षेत्रों में मंगलवार को बिजली की आपूर्ति बाधित रही। साथ ही बिजली की ट्रिपिंग की समस्या भी बनी हुई है। बार-बार बिजली कट जा रही है, जिससे पंखा, कूलर बेकार हो जा रहे हैं। लोग उमस भरी गर्मी से परेशान हो रहे हैं।
दूसरी तरफ ग्रामीण क्षेत्रों में स्थिति और भी बदतर हो गई है। सुबह के समय बिजली कटने से पानी का संकट खड़ा हो रहा है। उपभोक्ता बेचू प्रसाद, शिव कुमार आदि ने कहा कि उमस भरी गर्मी में बिजली की आपूर्ति बाधित होने से काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। इसमें सुधार किए जाने की जरूरत है।
कोटबिजली आपूर्ति में सुधार के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। शहर में तार व पोल बदलने के लिए कटौती करनी पड़ रही है। लोकल फाल्ट की समस्या को दूर करने के लिए कर्मियों को निर्देशित किया गया है। जल्द ही आपूर्ति में सुधार होने की उम्मीद है।
-राजेश कुमार, अधिशासी अभियंता विद्युत