संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। मेंहदावल तहसील सभागार में महिलाओं के हित संरक्षण व उनके अधिकारों के संबंध में विधिक साक्षरता शिविर आयोजित किया गया। जिसकी अध्यक्षता अपर जिला जज एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण विकास गोस्वामी ने की।
उन्होंने कहाकि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हम एक आर्थिक और राजनीतिक शक्ति पुंज के रूप में उभर रहे हैं। हमारे संविधान ने हमें जो अधिकार और अवसर दिए हैं उन्हें भी प्रमुखता मिल रही है। आज महिलाएं भी मेहनत कर रही हैं और अपने कॅरियर को लेकर गंभीर हैं। ऐसे में महिलाओं को भारतीय कानून द्वारा दिए गए अधिकारों के प्रति जागरूक होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि समान पारिश्रमिक अधिनियम के अनुसार अगर बात वेतन या मजदूरी की हो तो लिंग के आधार पर किसी के साथ भी भेदभाव नहीं किया जा सकता।
तहसीलदार निशा श्रीवास्तव एवं जिला प्रोबेशन अधिकारी श्वेता त्रिपाठी ने सरकार के जरिए चलायी जा रही योजनाओं की जानकारी दी। इस अवसर पर पराविधिक स्वयं सेवक जितेन्द्र कुमार, अफराक, महेश कुमार आदि मौजूद रहे।