हैसर ब्लॉक के गेट पर सोमवार को प्रदर्शन करते स्थानीय लोग।
- फोटो : अमर उजाला
महिला अस्पताल की स्थापना की मांग को लेकर हैंसर के लोगों ने सोमवार को ब्लॉक गेट पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में शामिल लोगों का कहना था कि महिला अस्पताल खोले जाने की मांग काफी दिनों से की जा रही है, लेकिन इस पर न तो नेता ध्यान दे रहे हैं और न ही अधिकारी। इस कारण अब निर्णय लिया गया है कि यदि अस्पताल खुलवाने का अगर आश्वासन नहीं मिलेगा तो 27 फरवरी को मतदान में हिस्सा नहीं लेंगे।
चंद्रशेखर मोदनवाल, रामेश्वर, महेश कुमार, शिवकुमार, विजय कुमार, सुदर्शन, आलोक कुमार, रमेशचंद्र आदि का कहना है कि हैंसर ब्लॉक परिसर में पहले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र संचालित होता था, लेकिन अस्पताल मलौली में खुल जाने के कारण यहां अस्पताल भवन खाली पड़ गया है। उसी भवन में महिला अस्पताल खोले जाने की मांग काफी दिनों से की जा रही है। जिसके लिए शासन को भी कई बार पत्र लिखा गया और प्रशासन के उच्चाधिकारियों समेत क्षेत्रीय जन प्रतिनिधियों से भी मिला गया, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया।
इस इलाके में महिला अस्पताल न होने से यहां की महिलाओं को इलाज के लिए खलीलाबाद, गोरखपुर जाना पड़ता है। गांव वालों का कहना था कि अब निर्णय लिया गया है कि यदि अस्पताल खुलवाने का पूरा भरोसा नेता या अधिकारी आकर नहीं देते है तो 27 फरवरी को यहां के लोग मतदान नहीं करेंगे।