धनघटा। क्षेत्र के ग्राम पंचायत दुलमपुर स्थित हरिजन बस्ती में बिजली किल्लत से परेशान ग्रामीण महिलाओं ने बिजली निगम के खिलाफ बुधवार को प्रदर्शन किया। महिलाओं ने हरिजन बस्ती के लिए अलग ट्रांसफाॅर्मर लगाने और विद्युत आपूर्ति व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की।
प्रदर्शन कर रही किस्मती देवी, विद्या देवी, सावित्री देवी, सुनीता देवी, गायत्री देवी, सिद्धियां देवी, बासमती देवी, प्रमिला देवी, राजमती, संगीता, संजू आदि ने बताया कि बस्ती में 25 केवीए का एक ट्रांसफऍर्मर लगा है, जिससे यादव पुरवा, लुनियाना पुरवा और हरिजन बस्ती सहित तीन पुरवों में बिजली की आपूर्ति होती है। अधिक लोड के कारण हरिजन बस्ती में पर्याप्त विद्युत आपूर्ति नहीं हो रही है।
ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली आती भी है तो लो वोल्टेज के कारण मोबाइल तक चार्ज नहीं हो पाते। कई बार महिलाओं को मोबाइल की रोशनी में खाना बनाने को मजबूर होना पड़ता है। स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बावजूद बिजली आपूर्ति की स्थिति खराब है। महिलाओं का कहना है कि बिजली आती नहीं है लेकिन बिजली का बिल जरूर आता है।
ग्रामीणों ने बताया कि बिजली का फाल्ट होने पर विभागीय कर्मचारियों का इंतजार करने की बजाय गांव के लोग आपस में चंदा लगाकर फाल्ट ठीक करवाने को मजबूर होते हैं। इससे ग्रामीणों में बिजली निगम के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है।
ग्रामीणों ने मांग की कि हरिजन बस्ती के लिए अलग ट्रांसफाॅर्मर लगाया जाए, जिससे बस्ती में पर्याप्त वोल्टेज के साथ नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित हो सके। महिलाओं ने चेतावनी दी कि समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे उच्चाधिकारियों से शिकायत कर आंदोलन को आगे बढ़ाने के लिए मजबूर होंगी।